Top 5 This Week

Related Posts

संत रविदास की 650वीं जयंती पर उत्तराखंड पहुंचेगी भाजपा की समरसता यात्रा, देहरादून से हरिद्वार तक होगा भव्य स्वागत; धनौरी में जुटेंगे बड़े नेता

देहरादून। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर निकाली जा रही भाजपा की अखिल भारतीय समरसता यात्रा मंगलवार को उत्तराखंड पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत और विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर प्रदेश में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विकासनगर के कुल्हाल गेट से प्रदेश में प्रवेश करने के बाद यात्रा देहरादून, ऋषिकेश और हरिद्वार होते हुए रुड़की के धनौरी पहुंचेगी। यहां विशाल जनसभा आयोजित की जाएगी।

भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष बलवीर घुनियाल ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में यात्रा के कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यात्रा का मुख्य उद्देश्य गुरु रविदास के समानता, सामाजिक समरसता, भाईचारे और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।

कई स्थानों पर होगा भव्य स्वागत

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रा हरबर्टपुर, सहसपुर, सेलाकुई, झाझरा और प्रेमनगर होते हुए देहरादून पहुंचेगी। इसके बाद माजरी ग्रांट, हर्रावाला और नेपाली फार्म से होते हुए ऋषिकेश और हरिद्वार जाएगी। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों की ओर से यात्रा का स्वागत किया जाएगा।

धामी और अनुराग ठाकुर करेंगे जनसभा को संबोधित

रुड़की के धनौरी में आयोजित विशाल जनसभा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर शामिल होंगे। इसके अलावा भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित प्रदेश के मंत्री, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे।

सामाजिक एकता का संदेश पहुंचाने की पहल

बलवीर घुनियाल ने प्रदेशवासियों से यात्रा का उत्साहपूर्वक स्वागत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुरु रविदास जी की शिक्षाएं समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव को समाप्त कर समानता, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत करने की प्रेरणा देती हैं। यात्रा के माध्यम से इन विचारों को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

Popular Articles