नई दिल्ली। केंद्र सरकार सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने के लिए डिजिटल व्यवस्था को मजबूत करने जा रही है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार बुधवार को नई दिल्ली स्थित डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में ‘समावेश’ (SAMAVESH) और नए ई-अनुदान पोर्टल का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बीएल वर्मा भी मौजूद रहेंगे।
एक ही प्लेटफॉर्म पर मिलेंगी 20 से अधिक पोर्टल की सुविधाएं
‘समावेश’ पोर्टल का पूरा नाम सिंगल एक्सेस मैकेनिज्म फॉर ऑल वर्टिकल्स ऑफ एम्पावरमेंट एंड सोशल हार्मनी है। इसका उद्देश्य सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं, सेवाओं और विभागीय पोर्टल को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से 20 से अधिक पोर्टल को एकीकृत किया जाएगा। कॉमन लॉगिन सुविधा मिलने से लोगों को अलग-अलग योजनाओं के लिए बार-बार अलग पोर्टल पर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
पोर्टल की प्रमुख विशेषता एआई आधारित चैटबॉट ‘सामाजिक सहायक’ होगी। यह भाषिणी (BHASHINI) के सहयोग से 22 से अधिक क्षेत्रीय भाषाओं में लोगों को योजनाओं की जानकारी और सहायता उपलब्ध कराएगा। इसके अलावा पोर्टल को डिजिलॉकर और पब्लिक फाइनेंशियल मैनेजमेंट सिस्टम (पीएफएमएस) से भी जोड़ा जाएगा।
चार योजनाओं के अनुदान की प्रक्रिया होगी आसान
नया ई-अनुदान पोर्टल गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ), स्वैच्छिक संगठनों और अन्य संस्थानों के लिए अनुदान प्राप्त करने की प्रक्रिया को सरल बनाएगा। इस पर चार प्रमुख योजनाओं के तहत अनुदान संबंधी आवेदन और प्रक्रियाएं एकीकृत की जाएंगी। इनमें नशा मुक्ति के लिए राष्ट्रीय कार्ययोजना (एनएपीडीडीआर), स्माइल योजना, अटल वयो अभ्युदय योजना और श्रेष्ठ योजना शामिल हैं।
नए पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया आसान करने के साथ दस्तावेजों की संख्या कम की जाएगी। दस्तावेजों का स्वचालित सत्यापन, वीडियो के माध्यम से निरीक्षण और जियो-टैगिंग जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी। पीएफएमएस से जुड़ने के बाद अनुदान राशि के भुगतान और वितरण की निगरानी भी पारदर्शी तरीके से की जा सकेगी।
भाषिणी और एनएसडीसी के साथ होंगे समझौते
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से भाषिणी और राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) के साथ दो समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान भी किया जाएगा। इनका उद्देश्य बहुभाषी डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के साथ अनुसूचित जाति के लाभार्थियों के लिए कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को मजबूत करना है।
सरकार की इस पहल से सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करना और अनुदान संबंधी प्रक्रियाओं को पूरा करना पहले से अधिक आसान और पारदर्शी होने की उम्मीद है।





