Top 5 This Week

Related Posts

विदेश में भारत की छवि खराब करने का आरोप, राहुल गांधी पर भाजपा का तीखा हमला

नई दिल्ली। विदेश दौरों के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था और वैश्विक स्थिति को लेकर दिए गए बयानों पर भाजपा ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर निशाना साधा है। भाजपा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की छवि को नकारात्मक रूप में पेश कर रहे हैं और देश की आर्थिक प्रगति को लेकर भ्रामक तस्वीर पेश कर रहे हैं।

भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने सोमवार को राहुल गांधी के बयानों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें भारत की आर्थिक और वैश्विक स्थिति की सही समझ नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान भारत के खिलाफ नकारात्मक टिप्पणियां करते हैं और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं।

एशिया पावर इंडेक्स का दिया हवाला

रविशंकर प्रसाद ने ऑस्ट्रेलिया के लोवी इंस्टीट्यूट की एशिया पावर इंडेक्स 2026 रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि भारत एशिया की तीसरी सबसे शक्तिशाली ताकत बनकर उभरा है। रिपोर्ट में भारत को 40.5 अंक मिले हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एशिया के दूसरे सबसे प्रभावशाली क्षेत्रीय नेता हैं।

उन्होंने गोल्डमैन सैक्स, अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) और विश्व बैंक की रिपोर्टों का भी उल्लेख किया। प्रसाद के अनुसार, गोल्डमैन सैक्स ने भारत को 2027 में भी सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था के रूप में देखा है। वहीं, आईएमएफ ने भारत को वैश्विक आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण इंजन बताया है।

राहुल गांधी के बयानों पर उठाए सवाल

भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी इन अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों का अध्ययन किए बिना विदेशों में भारत की अर्थव्यवस्था को कमजोर बता रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या राहुल गांधी ने विदेशों में भारत को बदनाम करने का ठेका ले रखा है?

प्रसाद ने यह भी कहा कि लगातार आलोचना और राजनीतिक विरोध के बावजूद राहुल गांधी अपने बयानों से पीछे नहीं हटते। उन्होंने सवाल किया कि क्या राहुल गांधी किसी विशेष ताकत के इशारे पर ऐसा कर रहे हैं?

भाजपा ने स्पष्ट किया कि भारत की आर्थिक प्रगति और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ता प्रभाव कई वैश्विक रिपोर्टों में भी सामने आया है।

Popular Articles