Top 5 This Week

Related Posts

कार्तिक पूर्णिमा पर नैनीताल में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, कोसी नदी में लगाई आस्था की डुबकी

नैनीताल/रामनगर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को नैनीताल जिले के मंदिरों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिला। नैनीताल के चीना चुंगी स्थित प्राचीन सत्यनारायण मंदिर से लेकर रामनगर के प्रसिद्ध मां गर्जिया देवी मंदिर तक सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

चीना चुंगी स्थित प्राचीन सत्यनारायण मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने भगवान कार्तिकेय और सत्यनारायण की पूजा की। इस अवसर पर मंदिर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

कोसी नदी में स्नान कर किए मां गर्जिया के दर्शन

रामनगर स्थित प्रसिद्ध मां गर्जिया देवी मंदिर में भी कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा। सुबह पांच बजे से ही भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। श्रद्धालुओं ने कोसी नदी में आस्था की डुबकी लगाई और इसके बाद मां गर्जिया के दर्शन कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की।

मंदिर समिति के अध्यक्ष डॉ. निशांत पपनै के अनुसार, इस बार करीब 15 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में करीब 80 दुकानें लगाई गई थीं। मंदिर समिति की ओर से भंडारे की व्यवस्था भी की गई।

सुरक्षा के लिए जल पुलिस तैनात

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए कोसी नदी के संवेदनशील स्थानों पर आवाजाही प्रतिबंधित रखी गई थी। नदी में जल पुलिस की तैनाती की गई। वहीं, प्रशासन की ओर से रेलवे स्टेशन, हल्दुआ और बेलगढ़ से मंदिर तक शटल सेवा संचालित की गई, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिली और यातायात व्यवस्था भी सुचारू बनी रही।

मंदिर के पुजारी शुभम पांडेय ने बताया कि पिछले वर्ष मंदिर में 50 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे, जबकि इस बार करीब 20 से 25 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

इस प्रकार कार्तिक पूर्णिमा पर नैनीताल और रामनगर के धार्मिक स्थलों में दिनभर भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा।

Popular Articles