वॉशिंगटन। अमेरिका की प्रमुख खुफिया एजेंसियों सेंट्रल इंटेलिजेंस एजेंसी (CIA) और ऑफिस ऑफ द डायरेक्टर ऑफ नेशनल इंटेलिजेंस (ODNI) के कंप्यूटर नेटवर्क पर साइबर हमला होने का मामला सामने आया है। इस हमले में दोनों एजेंसियों की कुछ गैर-वर्गीकृत जानकारियां उजागर हुई हैं। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, हैकरों ने ऐसे नेटवर्क को निशाना बनाया, जिसका इस्तेमाल सार्वजनिक रूप से उपलब्ध सूचनाओं का विश्लेषण कर खुफिया जानकारी जुटाने के लिए किया जाता है।
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, साइबर हमले में किस तरह की जानकारी प्रभावित हुई है, इसका अभी पूरी तरह खुलासा नहीं हुआ है। आशंका है कि अन्य सरकारी एजेंसियों से जुड़ी कुछ जानकारियां भी इसकी चपेट में आई हैं। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस घटना में कोई गोपनीय या वर्गीकृत खुफिया जानकारी प्रभावित नहीं हुई है।
खुफिया एजेंसियों की अहम प्रणाली बनी निशाना
CIA विदेशों से जुड़ी खुफिया जानकारियां जुटाने और उनका विश्लेषण करने का काम करती है, जबकि ODNI अमेरिका की 17 खुफिया एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करती है। प्रभावित नेटवर्क का इस्तेमाल ओपन सोर्स इंटेलिजेंस (OSINT) के लिए किया जाता है। इसके तहत सोशल मीडिया, इंटरनेट, समाचार रिपोर्ट, व्यावसायिक डेटाबेस और अन्य सार्वजनिक स्रोतों से सूचनाएं जुटाई जाती हैं।
AI टूल के इस्तेमाल की आशंका
कुछ रिपोर्टों में दावा किया गया है कि इस साइबर हमले में आर्टेक्स (ARTEX) नामक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टूल का इस्तेमाल किया गया हो सकता है। यह टूल साइबर सुरक्षा के उद्देश्य से विकसित किया गया था, लेकिन बाद में इसका इस्तेमाल हैकरों द्वारा सिस्टम में कमजोरियां तलाशने और साइबर हमले करने के लिए किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, CIA और ODNI पर हुए हमले में इसके इस्तेमाल की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
ट्रंप प्रशासन ने दी सफाई
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने साइबर सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच कहा है कि महत्वपूर्ण क्षमताओं और गोपनीय प्रणालियों पर कोई असर नहीं पड़ा है। ODNI ने भी स्पष्ट किया है कि उसकी महत्वपूर्ण सेवाओं में कोई व्यवधान नहीं आया। फिलहाल हमले के पीछे किसका हाथ है और कितनी जानकारी प्रभावित हुई है, इसकी जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में अमेरिका की कई सरकारी एजेंसियां साइबर हमलों और तकनीकी व्यवधानों का सामना कर चुकी हैं। इससे देश की डिजिटल सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।





