Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी से मिले दिग्गज टेक्नोलॉजी विशेषज्ञ निकेश अरोड़ा, बोले- उनकी तकनीकी समझ और विजन से प्रभावित हूं

नई दिल्ली। अमेरिका की प्रमुख साइबर सुरक्षा कंपनी पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के चेयरमैन एवं सीईओ निकेश अरोड़ा ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद अरोड़ा ने प्रधानमंत्री की तकनीक को लेकर समझ, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण और भविष्य की चुनौतियों को लेकर उनकी स्पष्ट सोच की सराहना की।

निकेश अरोड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुलाकात की जानकारी साझा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की तकनीक की समझ और इसके सकारात्मक पहलुओं को देखने का नजरिया उन्हें लगातार प्रभावित करता है।

शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में एआई की संभावनाओं पर चर्चा

अरोड़ा ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में असीम संभावनाएं हैं और इसका लाभ आम लोगों तक पहुंचाया जा सकता है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एआई महत्वपूर्ण बदलाव ला सकता है। इसके अलावा भारत में कारोबार करने के दौरान आने वाली बाधाओं को कम करने में भी तकनीक की अहम भूमिका हो सकती है।

साइबर सुरक्षा और डिजिटल खतरों पर भी हुई बात

निकेश अरोड़ा के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने नई तकनीकों को सुरक्षित तरीके से लागू करने और उनके दुरुपयोग से पैदा होने वाले खतरों को समझने में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने डिजिटल सुरक्षा पर प्रधानमंत्री के फोकस की भी सराहना की।

अरोड़ा ने कहा कि तकनीक का इस्तेमाल सुरक्षित तरीके से होना बेहद जरूरी है, ताकि गलत इरादे रखने वाले लोगों के हाथों में इसका दुरुपयोग न हो सके। उन्होंने भरोसा जताया कि पालो ऑल्टो नेटवर्क्स और वह व्यक्तिगत रूप से प्रधानमंत्री के इस विजन में सकारात्मक योगदान देने के लिए तत्पर हैं।

कौन हैं निकेश अरोड़ा?

निकेश अरोड़ा वर्ष 2018 से पालो ऑल्टो नेटवर्क्स के चेयरमैन और सीईओ हैं। इससे पहले वह गूगल में वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं मुख्य व्यवसाय अधिकारी और सॉफ्टबैंक समूह में अध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी के पद पर काम कर चुके हैं। वह वैश्विक स्तर पर साइबर सुरक्षा और तकनीकी उद्योग की प्रमुख हस्तियों में गिने जाते हैं।

Popular Articles