देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान जिन मतदाताओं के नाम ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हट गए हैं, उनके लिए राहत की खबर है। निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मतदाता दोबारा नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। इसके लिए उन्हें किसी तरह की कानूनी कार्रवाई का सामना नहीं करना पड़ेगा।
आयोग ने इस संबंध में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को पत्र भेजकर स्थिति स्पष्ट की है। आयोग ने दिल्ली हाईकोर्ट के 14 अक्टूबर के फैसले का हवाला देते हुए कहा है कि पहले से मतदाता रहे व्यक्ति का नाम यदि ड्राफ्ट सूची में शामिल नहीं है तो वह नए सिरे से फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकता है।
गलत घोषणा मानने का था डर
दरअसल, फॉर्म-6 में आवेदक को यह घोषणा करनी होती है कि उसका नाम पहली बार मतदाता सूची में शामिल किया जा रहा है। ऐसे में पहले से वोटर रहे लोगों को आशंका थी कि दोबारा फॉर्म भरने पर इसे गलत घोषणा माना जा सकता है और जनप्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 31 के तहत उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई हो सकती है।
निर्वाचन आयोग ने अब इस भ्रम को दूर कर दिया है। आयोग के अनुसार, केवल इस आधार पर किसी मतदाता के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी कि उसका नाम पहले भी मतदाता सूची में दर्ज था।
ERO को दिए गए स्पष्ट निर्देश
आयोग ने निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) को निर्देश दिए हैं कि पुराने मतदाताओं के फॉर्म-6 आवेदन को केवल पूर्व में पंजीकृत होने के आधार पर गलत घोषणा न माना जाए। ऐसे आवेदनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
हालांकि, इसके लिए एक शर्त भी रखी गई है। आवेदक का नाम किसी अन्य लोकसभा या विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में पहले से दर्ज नहीं होना चाहिए।
दिल्ली हाईकोर्ट के फैसले के बाद आया स्पष्टीकरण
दिल्ली हाईकोर्ट ने 14 अक्टूबर को अपने फैसले में स्पष्ट किया था कि ड्राफ्ट मतदाता सूची से नाम गायब होने पर पहले से पंजीकृत मतदाता द्वारा फॉर्म-6 भरना गलत घोषणा नहीं माना जा सकता।
निर्वाचन आयोग के इस स्पष्टीकरण से उन मतदाताओं को बड़ी राहत मिली है, जो SIR के दौरान अपना नाम सूची में नहीं मिलने के कारण दोबारा आवेदन करने से डर रहे थे।





