देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने दिव्यांग छात्र-छात्राओं को बड़ी राहत देते हुए कक्षा 9 से 12वीं तक की परीक्षाओं में पांच अंकों की छूट देने का निर्णय लिया है। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। नई व्यवस्था के तहत पात्र दिव्यांग विद्यार्थियों को परीक्षा में उत्तीर्ण होने के लिए अब न्यूनतम 28 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे।
शासन के इस फैसले से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जिन्हें निर्धारित उत्तीर्णांक हासिल करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इससे उन्हें परीक्षा में सफल होने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।
इन श्रेणियों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
शिक्षा सचिव ज्योति यादव की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पांच अंकों की छूट सभी दिव्यांग विद्यार्थियों को नहीं मिलेगी। इसका लाभ केवल बौद्धिक अक्षमता, मानसिक बीमारी, ऑटिज्म स्पेक्ट्रम विकार, सेरेब्रल पाल्सी और विशेष शिक्षण अक्षमता (स्पेशल लर्निंग डिसेबिलिटी) की श्रेणी में आने वाले विद्यार्थियों को दिया जाएगा।
इस सुविधा का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों को अपना दिव्यांगता प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
व्यावसायिक विषयों में नहीं बदलेगा नियम
सरकार ने स्पष्ट किया है कि व्यावसायिक शिक्षा के विषयों में उत्तीर्ण होने के मानकों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन विषयों में पहले से लागू नियम ही प्रभावी रहेंगे।
विद्यार्थियों को मिलेगी पढ़ाई जारी रखने में मदद
सरकार के इस फैसले को दिव्यांग विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पांच प्रतिशत अंकों की छूट से पात्र विद्यार्थियों पर परीक्षा का दबाव कम होगा और उन्हें अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।




