Top 5 This Week

Related Posts

संविधान भारतीय लोकतंत्र की अमूल्य विरासत, विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में करेगा मार्गदर्शन: पीएम मोदी

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय संविधान को देश के लोकतंत्र की अमूल्य विरासत बताते हुए कहा कि यह विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में लगातार हमारा मार्गदर्शन करता रहेगा। प्रधानमंत्री ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान सभा के सभी महान सदस्यों को नमन करते हुए उनके योगदान को याद किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में कहा कि संविधान दिवस संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि देने और उसमें निहित मूल्यों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि संविधान के रूप में देश को मिली सौगात भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर है।

संविधान के मूल्यों को मजबूत करने का आह्वान

पीएम मोदी ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को संविधान में निहित आदर्शों और सिद्धांतों के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, लोकतांत्रिक व्यवस्था और नागरिक अधिकारों का आधार है। उन्होंने संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें अपने जीवन में अपनाने पर जोर दिया।

26 नवंबर 1949 को अपनाया गया था संविधान

गौरतलब है कि भारत में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकृत किया था। हालांकि, यह 26 जनवरी 1950 को पूरे देश में लागू हुआ। इसी दिन को गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है।

वर्ष 2015 में केंद्र सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की औपचारिक घोषणा की थी। इसका उद्देश्य नागरिकों में संविधान के प्रति जागरूकता बढ़ाना और संविधान निर्माताओं के योगदान को सम्मान देना है।

इस अवसर पर देशभर में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ, जागरूकता कार्यक्रम, संगोष्ठियां और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

प्रधानमंत्री ने अपने संदेश के जरिए लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने और विकसित भारत के निर्माण में सामूहिक भागीदारी का आह्वान किया।

Popular Articles