नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन की ओर से भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त आयात शुल्क लगाने के प्रस्ताव पर भारत ने प्रतिक्रिया दी है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) की ओर से जारी नोटिस की फिलहाल जांच की जा रही है। भारत ने अमेरिकी आरोपों को लेकर अपनी स्थिति भी स्पष्ट करते हुए कहा है कि देश के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता नहीं है।
मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भारत ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय की धारा 301 के तहत जांच से संबंधित निर्धारण और टिप्पणियां आमंत्रित करने वाले नोटिस का संज्ञान लिया है। भारत ने पूरी जांच प्रक्रिया में रचनात्मक तरीके से भागीदारी की है और इस दौरान अमेरिकी अधिकारियों के सामने अपना पक्ष रखा है।
14 अर्थव्यवस्थाओं पर शुल्क लगाने का प्रस्ताव
अमेरिका ने विनिर्माण क्षेत्रों में कथित अतिरिक्त उत्पादन क्षमता को लेकर भारत सहित 14 अर्थव्यवस्थाओं पर नए शुल्क लगाने का प्रस्ताव दिया है। यह जांच करीब आठ महीने तक चली। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि संबंधित देशों की औद्योगिक नीतियों से अमेरिकी निर्माताओं, रोजगार और निवेश पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
प्रस्ताव के तहत कुछ उत्पादों को छूट देते हुए भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने की बात कही गई है। हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौता होने की स्थिति में यह दर 17 प्रतिशत तक सीमित रह सकती है।
व्यापार समझौते के जरिए समाधान चाहता है भारत
वाणिज्य मंत्रालय ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को लेकर बातचीत जारी है। भारत का लगातार यह रुख रहा है कि व्यापार से जुड़ी सभी चिंताओं का समाधान इसी बातचीत के दायरे में किया जाना चाहिए।
मंत्रालय ने दोहराया कि भारत सरकार अमेरिका के साथ मिलकर द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस घटनाक्रम के बीच दोनों देशों के बीच व्यापार वार्ता और अमेरिकी टैरिफ प्रस्ताव पर होने वाले अगले फैसलों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। इससे भारतीय निर्यातकों और अमेरिकी बाजार में कारोबार करने वाले उद्योगों पर असर पड़ सकता है।





