Top 5 This Week

Related Posts

टिहरी में बड़ा हादसा टला: टायर जाम होने से पहाड़ी से टकराई बौराड़ी-हरिद्वार जा रही बस, 22 यात्री सुरक्षित

टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जिले में बुधवार को एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बौराड़ी से हरिद्वार जा रही बस का अगला दायां टायर अचानक जाम हो गया। इससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और बस सड़क किनारे पहाड़ी से जा टकराई। गनीमत रही कि हादसे में बस में सवार सभी 22 यात्री सुरक्षित बच गए। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 11:15 बजे बस बटखेम के समीप पहुंची थी। इसी दौरान बस का अगला दायां पहिया अचानक जाम हो गया। बताया जा रहा है कि एक्सल को टायर से जोड़ने वाली रॉड टूटने के कारण यह तकनीकी खराबी आई। अचानक पहिया जाम होने से चालक बस को संभाल नहीं पाया और वाहन सीधे सामने पहाड़ी से टकरा गया।

यात्रियों में मची अफरातफरी

बस में चालक और परिचालक सहित कुल 22 लोग सवार थे। पहाड़ी से टक्कर लगते ही बस में बैठे यात्रियों के बीच अफरातफरी मच गई। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। हादसे के बाद सभी यात्रियों ने सुरक्षित बाहर निकलकर राहत की सांस ली।

दूसरे वाहन से रवाना हुए यात्री

दुर्घटना के बाद यात्रियों को दूसरे वाहन की व्यवस्था कर उनके गंतव्य की ओर रवाना किया गया। तकनीकी खराबी के कारण हुए इस हादसे में बड़ा नुकसान होने से टल गया। बस के अचानक दुर्घटनाग्रस्त होने से यात्रियों में काफी देर तक दहशत का माहौल बना रहा।

Popular Articles