Top 5 This Week

Related Posts

26/11 मुंबई आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर इजरायल में भारतीय दूतावास ने दी श्रद्धांजलि, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई का संकल्प दोहराया

नई दिल्ली। मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए भीषण आतंकी हमले की 18वीं बरसी पर इजरायल स्थित भारतीय दूतावास ने हमले में जान गंवाने वाले निर्दोष नागरिकों और शहीद सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। दूतावास ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में अपना समर्थन जताते हुए वैश्विक शांति, सुरक्षा और सद्भाव के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई।

भारतीय दूतावास ने अपने संदेश में कहा कि 26/11 हमले के पीड़ितों और देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले बहादुर सुरक्षाकर्मियों को नमन है। दूतावास ने संदेश में ‘साहस को नमन’ का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत आतंकवाद के हर रूप से लड़ने और दुनिया में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के अपने संकल्प पर अडिग है।

समुद्र के रास्ते मुंबई पहुंचे थे आतंकी

गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 की रात पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई में कई स्थानों पर एक साथ हमले किए थे। आतंकियों ने ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, नरीमन हाउस और लियोपोल्ड कैफे सहित कई प्रमुख स्थानों को निशाना बनाया था।

लगातार चार दिनों तक चले इस आतंकी हमले में 166 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि 300 से अधिक लोग घायल हुए थे। मृतकों में विदेशी नागरिक भी शामिल थे।

दुनिया ने किया था हमले की निंदा

26/11 का हमला भारत के सबसे भीषण आतंकी हमलों में शामिल है। इस घटना ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया था। हमले के दौरान सुरक्षाबलों ने आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया, जिसमें नौ आतंकी मारे गए, जबकि एकमात्र जीवित पकड़े गए आतंकी अजमल कसाब को बाद में कानूनी प्रक्रिया के तहत फांसी दी गई।

18वीं बरसी पर भारत और विदेशों में शहीदों एवं पीड़ितों को याद किया जा रहा है। इस अवसर पर भारत ने एक बार फिर आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग और एकजुटता की आवश्यकता पर जोर दिया है।

Popular Articles