Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड में बिना मान्यता चल रहे 14 मदरसों को नोटिस, हरिद्वार में सबसे अधिक संस्थान; नियमों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

देहरादून। उत्तराखंड में नई शिक्षा व्यवस्था लागू होने के बावजूद बिना मान्यता के संचालित हो रहे मदरसों पर सरकार ने सख्ती शुरू कर दी है। राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण की मान्यता के बिना धार्मिक शिक्षा देने वाले 14 मदरसों को अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने नोटिस जारी किए हैं। इनमें सबसे अधिक मदरसे हरिद्वार जिले के हैं।

राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी के अनुसार, निरीक्षण के दौरान कई मदरसों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं पाया गया। कुछ संस्थानों में बच्चों के लिए ड्रेस कोड तक लागू नहीं था, जबकि कई जगह बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर की व्यवस्था भी नहीं मिली। कुछ मदरसों में मस्जिद परिसर के भीतर ही बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा दी जा रही थी।

एक जुलाई से लागू हुई नई व्यवस्था

प्रदेश सरकार ने बच्चों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से एक जुलाई 2026 को मदरसा बोर्ड समाप्त कर नई व्यवस्था लागू की थी। इसके तहत मदरसों को सामान्य स्कूली शिक्षा के लिए शिक्षा विभाग और धार्मिक शिक्षा के संचालन के लिए उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता लेना अनिवार्य किया गया है।

नई व्यवस्था लागू हुए करीब पांच महीने बीतने के बावजूद कई संस्थानों ने प्राधिकरण से मान्यता नहीं ली है। इसके बाद विभाग ने ऐसे मदरसों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।

हरिद्वार के इन क्षेत्रों में मिले अनियमितता के मामले

नोटिस पाने वाले संस्थानों में बिजोली, रुड़की, नगला इमरती, लालपुर, लादपुर कला, भगवानपुर, खेलपुर, चोली सहाबुद्दीनपुर और सिकरोड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों के मदरसे शामिल हैं।

मानकों का पालन नहीं करने पर होगी कार्रवाई

विशेष सचिव अल्पसंख्यक कल्याण डॉ. पराग मधुकर धकाते ने बताया कि बिना मान्यता धार्मिक शिक्षा देने वाले मदरसों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में प्राधिकरण और जिलाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य मदरसों में शिक्षा व्यवस्था को निर्धारित मानकों के अनुरूप बनाना और बच्चों को धार्मिक शिक्षा के साथ आधुनिक शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है।

Popular Articles