Top 5 This Week

Related Posts

यूपी चुनाव: कांग्रेस की 131 से घटकर 120 सीटों पर आई मांग, अखिलेश ने दिया 26 सीटों का प्रस्ताव; गठबंधन में बढ़ी तकरार

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे पर खींचतान शुरू हो गई है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है। वहीं, कांग्रेस ने अपनी शुरुआती मांग में बदलाव करते हुए 131 से घटाकर 120 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। दोनों दलों के बीच 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में हुई बैठकों के बावजूद सीटों पर सहमति नहीं बन पाई है।

सपा ने 26 सीटों का दिया प्रस्ताव

सपा की ओर से कांग्रेस को दी गई 26 सीटों की सूची में दो ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां कांग्रेस ने 2022 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज की थी। इनमें रामपुर खास और फरेंदा शामिल हैं। इसके अलावा चार सीटें ऐसी हैं, जहां कांग्रेस दूसरे स्थान पर रही थी। इनमें मथुरा, खेरागढ़, जगदीशपुर और किदवई नगर शामिल हैं। शेष 20 सीटें सपा ने अपने राजनीतिक और चुनावी आकलन के आधार पर प्रस्तावित की हैं।

अमेठी-रायबरेली को लेकर नाराजगी

सपा के प्रस्ताव पर कांग्रेस नेताओं ने नाराजगी जताई है। खासतौर पर अमेठी और रायबरेली जैसे कांग्रेस के पारंपरिक गढ़ों में केवल एक सीट देने के प्रस्ताव पर पार्टी ने आपत्ति की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से केवल 26 सीटों का प्रस्ताव स्वीकार करना मुश्किल है। दोनों दलों के नेताओं के बीच बैठक में इस मुद्दे पर तीखी बहस भी हुई।

जीत की संभावना के आधार पर सीटें तय करना चाहती है सपा

सपा का कहना है कि सीटों का बंटवारा केवल संख्या के आधार पर नहीं, बल्कि उम्मीदवारों की जीतने की क्षमता और विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी की स्थिति को ध्यान में रखकर होना चाहिए। पार्टी ने कांग्रेस से 131 सीटों की मांग के पीछे ठोस आधार और चुनावी आंकड़े पेश करने को भी कहा है।

गौरतलब है कि 2024 के लोकसभा चुनाव में सपा और कांग्रेस ने मिलकर उत्तर प्रदेश की 80 में से 43 सीटों पर जीत हासिल की थी। अब दोनों दल इस प्रदर्शन को 2027 के विधानसभा चुनाव में दोहराना चाहते हैं। हालांकि, सीटों के बंटवारे पर जारी मतभेद विपक्षी गठबंधन के सामने चुनौती बनते दिखाई दे रहे हैं।

Popular Articles