Top 5 This Week

Related Posts

अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी में MBA और BTech डिग्रीधारी भी शामिल, भारत-अमेरिका के संयुक्त ऑपरेशन में छह गिरफ्तार

नई दिल्ली। भारत और अमेरिका की जांच एजेंसियों ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। इस मामले में चौंकाने वाली बात यह सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपितों में एमबीए और बीटेक जैसी उच्च शैक्षणिक डिग्री रखने वाले लोग भी शामिल हैं। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और अमेरिकी ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) ने संयुक्त अभियान ‘ऑपरेशन मानसून थंडर’ के तहत कार्रवाई करते हुए छह भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसियों ने 4 से 13 नवंबर के बीच हैदराबाद, दिल्ली, कोलकाता और लखनऊ सहित कई शहरों में छापेमारी की थी। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में तेलंगाना निवासी 27 वर्षीय टी मनोज भी शामिल है। उसके पास कंप्यूटर साइंस में बीटेक की डिग्री है। वह अमेरिका में मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रहा था। उसे जनवरी 2024 में ड्रग्स से जुड़े मामले में अमेरिका से भारत डिपोर्ट किया गया था।

MBA और इंजीनियरिंग डिग्रीधारी भी घेरे में

लखनऊ निवासी 30 वर्षीय टीडी जायसवाल एमबीए डिग्रीधारी है और उसका एक फार्मेसी तथा कपड़ों के कारोबार से जुड़ाव बताया गया है। वहीं, 32 वर्षीय आरती सोनी गणित में स्नातक है और कॉरपोरेट इवेंट मैनेजमेंट से जुड़ी रही है। कोलकाता निवासी 28 वर्षीय ए मुत्तलिब के पास इंजीनियरिंग की डिग्री है। अन्य आरोपितों में डीके तिवारी और जसवंत भी शामिल हैं।

तीन हजार पार्सल में भेजीं करीब पांच लाख टैबलेट

एनसीबी की जांच के अनुसार, जून 2022 से नवंबर 2026 के बीच इस नेटवर्क ने अमेरिका में करीब तीन हजार पार्सल के जरिए लगभग पांच लाख टैबलेट भेजीं। इनमें अल्प्राजोलम, ट्रामाडोल, डायजेपाम और अन्य नियंत्रित दवाएं शामिल होने का संदेह है।

जांच में 59 हजार से अधिक ग्राहकों का डेटाबेस भी सामने आया है, जिसे अमेरिकी एजेंसी के साथ साझा किया गया है। इससे अमेरिका में दवाओं के खरीदारों और वितरण नेटवर्क की पहचान करने में मदद मिलेगी।

ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से लेते थे ऑर्डर

जांच एजेंसियों के मुताबिक, आरोपित टेलीग्राम, स्काइप और वाट्सएप के जरिए ऑर्डर लेते थे। भुगतान यूपीआई, बैंक खातों और क्रिप्टोकरेंसी सहित विभिन्न माध्यमों से किया जाता था। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस संयुक्त अभियान को भारत-अमेरिका के बीच नशे के खिलाफ सहयोग की बड़ी सफलता बताया है।

Popular Articles