हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही हरकी पैड़ी समेत विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। देश के अलग-अलग हिस्सों से पहुंचे लोगों ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना और दीपदान किया।
कार्तिक पूर्णिमा का हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि इस दिन पवित्र नदियों में स्नान, दान और दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे।
यातायात व्यवस्था में किया गया बदलाव
स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात योजना लागू की है। सोमवार रात 12 बजे से स्नान पर्व समाप्त होने तक हरिद्वार शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रखा गया है। यातायात का दबाव बढ़ने पर सीमाओं पर ही वाहनों को रोकने और वैकल्पिक मार्गों से भेजने की व्यवस्था की गई है।
दिल्ली और मेरठ से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए बैरागी कैंप, बीएचईएल और ऋषिकुल मैदान में पार्किंग निर्धारित की गई है। वहीं, मुरादाबाद और नजीबाबाद से आने वाले वाहनों के लिए नीलधारा और गौरीशंकर पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात
स्नान पर्व को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 36 सेक्टरों में बांटा गया है। गंगा घाटों पर जल पुलिस की तैनाती के साथ सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी की जा रही है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और पुलिस द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





