Top 5 This Week

Related Posts

एनवीडिया में जेनसन हुआंग की धमाकेदार वापसी, बोर्ड ने सर्वसम्मति से बनाया फिर CEO; राष्ट्रीय सुरक्षा को खतरा नहीं

वाशिंगटन। दुनिया की दिग्गज चिप और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कंपनी एनवीडिया में जेनसन हुआंग की एक बार फिर वापसी हो गई है। कंपनी के निदेशक मंडल ने सर्वसम्मति से उन्हें तत्काल प्रभाव से प्रेसिडेंट और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद पर बहाल कर दिया है। इसके साथ ही वह कंपनी के बोर्ड डायरेक्टर की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। यह फैसला उनके इस्तीफे के दो सप्ताह से भी कम समय में लिया गया है।

कंपनी के बोर्ड ने बयान जारी कर बताया कि जेनसन हुआंग के साथ कई दौर की बैठकें करने के बाद उनकी स्पष्टवादिता और नेतृत्व क्षमता पर भरोसा जताया गया। अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले सुझावों के आधार पर बोर्ड ने कहा कि हुआंग की वापसी से राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है।

पहले वापसी से कर दिया गया था इनकार

गौरतलब है कि 12 नवंबर को जेनसन हुआंग ने करीब 33 वर्षों तक कंपनी का नेतृत्व करने के बाद CEO पद छोड़ दिया था। उनका नाम एक ऐसी महिला से जुड़ी रिपोर्टों में सामने आया था, जिसे अमेरिकी अधिकारियों द्वारा चीन की खुफिया एजेंसी से जुड़ा संदिग्ध बताया गया था। इसके बाद कंपनी में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हुई थी।

हुआंग के पद छोड़ने के बाद कंपनी की मुख्य वित्तीय अधिकारी (CFO) कोलेट क्रेस को अंतरिम CEO बनाया गया था। पिछले सप्ताह बोर्ड अध्यक्ष हार्वे सी. जोन्स ने उनकी वापसी की संभावना से इनकार किया था। हालांकि, टेक जगत की कई हस्तियों और निवेशकों ने हुआंग की वापसी का समर्थन किया। एलन मस्क ने भी उनके समर्थन में आवाज उठाई थी।

हुआंग ने जताया आभार, जांच रहेगी जारी

वापसी पर जेनसन हुआंग ने कहा कि दुनिया की महत्वपूर्ण टेक कंपनियों में शामिल एनवीडिया का नेतृत्व करने का दोबारा अवसर मिलना उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने बोर्ड, कर्मचारियों, साझेदारों और परिवार का आभार जताया।

बोर्ड अध्यक्ष हार्वे सी. जोन्स ने कहा कि कंपनी के नेतृत्व के लिए हुआंग सबसे उपयुक्त व्यक्ति हैं। वहीं, अंतरिम CEO कोलेट क्रेस अब दोबारा CFO की जिम्मेदारी संभालेंगी।

हालांकि, हुआंग की वापसी के बावजूद विदेशी खुफिया गतिविधियों से जुड़े मामले की स्वतंत्र जांच जारी रहेगी। कंपनी ने राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियंत्रण की निगरानी के लिए अलग समिति भी गठित की है। हुआंग ने जांच में पूरा सहयोग देने की बात कही है।

Popular Articles