नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत दौरे पर आए नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह को तीन खास उपहार भेंट किए। इनमें आंध्र प्रदेश की पारंपरिक कला शैली में तैयार संपूर्ण रामायण की कलमकारी चित्रावली, बनारसी ब्रोकेड स्टॉल और पीतल के कलश में काशी का गंगाजल शामिल है। इन उपहारों के जरिए भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों को दर्शाने का प्रयास किया गया।
रामायण की चित्रावली में भगवान राम की पूरी यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी ने बालेन्द्र शाह को संपूर्ण रामायण की एक विशेष चित्रावली भेंट की। इसमें भगवान राम के जन्म, वनवास, रावण पर विजय और अयोध्या वापसी तक की प्रमुख घटनाओं को दर्शाया गया है। यह कलाकृति आंध्र प्रदेश की पारंपरिक श्रीकालहस्ती शैली में तैयार की गई है। इसे सूती कपड़े पर बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों की मदद से हाथ से बनाया गया है।
यह चित्रावली अयोध्या और जनकपुर के बीच धार्मिक एवं आध्यात्मिक संबंधों का प्रतीक है। जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है।
बनारसी स्टॉल और चंदन का खास डिब्बा
पीएम मोदी ने नेपाली प्रधानमंत्री को वाराणसी का रेशमी बनारसी ब्रोकेड स्टॉल भी भेंट किया। इस पर कुशल कारीगरों ने बारीक डिजाइन और चमकदार जरी का काम किया है। इसे गुजरात के पारंपरिक सादेली शिल्प से तैयार चंदन के डिब्बे में रखा गया था। डिब्बे पर आकर्षक ज्यामितीय डिजाइन और लकड़ी की बारीक कारीगरी की गई है।
गंगाजल से जुड़ा काशी-पशुपतिनाथ का संबंध
तीसरे उपहार के रूप में प्रधानमंत्री ने बालेन्द्र शाह को पीतल के कलश में वाराणसी का गंगाजल भेंट किया। यह उपहार काशी विश्वनाथ और काठमांडू के पशुपतिनाथ मंदिर के बीच आध्यात्मिक संबंधों को दर्शाता है। दोनों ही भगवान शिव के प्रमुख तीर्थस्थल हैं।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, इन उपहारों का उद्देश्य भारत और नेपाल के बीच गहरे धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक रिश्तों को और मजबूत करना है। यह आदान-प्रदान दोनों देशों की साझा विरासत, मित्रता और आध्यात्मिक एकता का संदेश देता है।




