Top 5 This Week

Related Posts

संसद के विशेष सत्र से पहले INDIA गठबंधन की अहम बैठक आज, शरद पवार गुट ने बनाई दूरी; विपक्ष में बढ़े मतभेद

नई दिल्ली। संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन में सियासी हलचल तेज हो गई है। परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सरकार के खिलाफ साझा रणनीति बनाने के लिए गठबंधन के नेताओं की अहम बैठक शनिवार को सुबह 11:30 बजे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर बुलाई गई है। हालांकि, बैठक से पहले ही गठबंधन में आंतरिक मतभेद सामने आने लगे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की नेता सुप्रिया सुले ने बैठक में शामिल होने से असमर्थता जताई है।

परिसीमन पर कांग्रेस का रुख स्पष्ट

संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना प्रस्तावित है। इसमें परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। इससे पहले कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर रणनीति तैयार की।

कांग्रेस नेता गौरव गोगोई ने बताया कि पार्टी चाहती है कि अगले 25 वर्षों तक लोकसभा में सीटों की मौजूदा संख्या और राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का संतुलन बरकरार रखा जाए। वहीं, महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के लोकसभा चुनाव से लागू करने और इसमें एससी-एसटी वर्ग की महिलाओं के लिए भी आरक्षण सुनिश्चित करने की मांग की गई है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि इन मांगों से अलग कोई प्रस्ताव लाया गया तो उसका विरोध किया जाएगा।

शरद पवार गुट और द्रमुक की दूरी से बढ़ी मुश्किल

INDIA गठबंधन के सामने सबसे बड़ी चुनौती घटक दलों को एकजुट रखने की है। द्रमुक पहले ही गठबंधन से दूरी बना चुकी है। वहीं, सुप्रिया सुले ने अपने पिता शरद पवार की तबीयत खराब होने के कारण बैठक में शामिल नहीं होने की बात कही है। शरद पवार अस्पताल में भर्ती हैं।

इसके अलावा, वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के परिसीमन विधेयक को समर्थन देने की चर्चा ने भी विपक्ष की रणनीति को कमजोर किया है। हालांकि, गठबंधन के नेता विभिन्न दलों से संपर्क साधने की कोशिश कर रहे हैं।

सभी विपक्षी दलों को न्योता

खरगे के आवास पर होने वाली बैठक में गठबंधन के घटक दलों के अलावा आम आदमी पार्टी और बीजू जनता दल जैसे अन्य विपक्षी दलों को भी आमंत्रित किया गया है। बैठक में संसद के विशेष सत्र के दौरान विपक्ष की साझा रणनीति और मतदान के समय सांसदों की मौजूदगी सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी।

Popular Articles