Top 5 This Week

Related Posts

चुनाव 2027 की आहट, मशीनें मैदान में… अब मतदाता की बारी!

70 विधानसभा क्षेत्रों में ईवीएम-वीवीपैट का जागरूकता अभियान शुरू, गांव-गांव पहुंचेगी मोबाइल वैन; नैनीताल में 1541 बैलेट यूनिट समेत हजारों मशीनों की जांच पूरी

हल्द्वानी। विधानसभा चुनाव की तारीख भले अभी दूर हो, लेकिन चुनावी तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। निर्वाचन आयोग ने ईवीएम और वीवीपैट को लेकर मतदाताओं के बीच जागरूकता अभियान शुरू कर दिया है। अब सिर्फ चुनाव के दिन मतदान केंद्र पहुंचकर बटन दबाना ही नहीं, बल्कि उससे पहले मशीन की कार्यप्रणाली समझना भी मतदाता की तैयारी का हिस्सा होगा।

प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में चलाए जा रहे अभियान के तहत 16 नवंबर से जिला निर्वाचन कार्यालयों में ईवीएम डिमॉन्स्ट्रेशन सेंटर शुरू किए गए हैं। यहां मतदाता खुद मशीन पर बटन दबाकर मतदान की प्रक्रिया समझ सकेंगे। वीवीपैट से निकलने वाली पर्ची देखकर यह भी जान सकेंगे कि वोट की पुष्टि किस तरह होती है।

अब गांवों की बारी, दरवाजे तक पहुंचेगी चुनावी पाठशाला

दूरदराज के पहाड़ी गांवों और कस्बों को अभियान से जोड़ने के लिए मोबाइल डिमॉन्स्ट्रेशन वैन तैयार की गई हैं। ये वाहन 16 नवंबर से 15 दिसंबर तक प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर ईवीएम और वीवीपैट की जानकारी देंगे।

नैनीताल में मशीनों की पड़ताल पूरी

जिले में प्रथम स्तरीय जांच के दौरान 1541 बैलेट यूनिट, 2716 कंट्रोल यूनिट और 2224 वीवीपैट की जांच पूरी कर ली गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि चुनावी व्यवस्थाओं के संचालन के लिए 56 नोडल और 108 सहायक नोडल अधिकारी तैनात किए गए हैं।

मतदाता सीखेंगे वोट की पूरी प्रक्रिया

अभियान में बैलेट यूनिट पर बटन दबाने, वीवीपैट की पर्ची देखने और मतदान की पुष्टि करने का तरीका बताया जाएगा।

चुनावी मशीनें तैयार करने की कवायद शुरू हो चुकी है, अधिकारी मैदान में उतर चुके हैं और अब मतदाताओं को जागरूक करने की बारी है। 2027 के चुनाव में मतदान की प्रक्रिया को लेकर कोई उलझन न रहे, इसी मकसद से आयोग ने चुनाव से पहले ही अपनी पाठशाला खोल दी है।

Popular Articles