Top 5 This Week

Related Posts

आवासीय भवनों में आग लगने की घटना अब आपदा घोषित, सीएम धामी ने की चार बड़ी घोषणाएं

देहरादून। उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत बनाने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चार महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। शुक्रवार को प्रथम आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर सचिवालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब आवासीय भवनों में दुर्घटनावश आग लगने की घटनाओं को आपदा की श्रेणी में शामिल किया जाएगा। ऐसे मामलों में प्रभावित परिवारों को राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) के मानकों के अनुसार राहत राशि दी जाएगी।

पूर्व सैनिकों को दिया जाएगा आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पूर्व सैनिकों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों, पुलिस और अन्य वर्दीधारी सेवाओं के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इनके माध्यम से आम जनता को आपदाओं से बचाव और सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।

हर एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक बनेगा आपदा मित्र

शिक्षण संस्थानों में भी आपदा प्रबंधन को मजबूत किया जाएगा। पहले चरण में अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में प्रत्येक एक हजार विद्यार्थियों पर एक शिक्षक को आपदा मित्र या आपदा प्रबंधन विशेषज्ञ के रूप में प्रशिक्षित किया जाएगा। ये शिक्षक विद्यार्थियों को आपात परिस्थितियों से निपटने के तरीके बताएंगे।

राहत-बचाव कार्य करने वालों को मिलेगा सम्मान

मुख्यमंत्री ने चौथी घोषणा करते हुए कहा कि आपदाओं और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान निस्वार्थ भाव से राहत एवं बचाव कार्यों में सहयोग करने वाले लोगों को सम्मानित और पुरस्कृत किया जाएगा। इससे आम नागरिकों को संकट के समय दूसरों की मदद के लिए प्रोत्साहित किया जा सकेगा।

आईआरएस पुस्तिका और आपदा प्रबंधन योजना का विमोचन

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (आईआरएस) पुस्तिका और उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन योजना 2026-27 का विमोचन भी किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों के कारण प्रदेश में आपदा प्रबंधन हमेशा चुनौतीपूर्ण रहा है। इसलिए जनजागरूकता, आधुनिक तकनीक और बेहतर समन्वय के साथ तैयारियों को मजबूत करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री ने सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 28 नवंबर 2023 को 17 दिनों के प्रयासों के बाद 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना सामूहिक प्रयास और बेहतर समन्वय की मिसाल है। इसी ऐतिहासिक अभियान की याद में प्रदेश में पहली बार आपदा प्रबंधन दिवस मनाया जा रहा है।

Popular Articles