Top 5 This Week

Related Posts

संसद का विशेष सत्र सुचारू रूप से चलाने की सरकार की अपील, सभी सांसदों से सहयोग की अपेक्षा; अहम विधेयकों पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। संसद के आगामी विशेष सत्र को लेकर केंद्र सरकार ने सभी राजनीतिक दलों के सांसदों से सदन की कार्यवाही सुचारू रूप से चलाने की अपील की है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शुक्रवार को कहा कि इस विशेष सत्र में देश से जुड़े बेहद महत्वपूर्ण विधेयकों और विषयों पर चर्चा होनी है। ऐसे में सभी सांसदों की जिम्मेदारी है कि वे संसद की कार्यवाही में सहयोग करें।

रिजिजू ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे बड़ा संसदीय लोकतंत्र है और देश की संसद को लोकतांत्रिक परंपराओं की मिसाल पेश करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसदों को सरकार के फैसलों से सहमत या असहमत होने का पूरा अधिकार है, लेकिन अपनी बात सदन के नियमों और परंपराओं के अनुरूप रखनी चाहिए।

30 नवंबर से शुरू होगा विशेष सत्र

सरकार की ओर से घोषित चार दिवसीय विशेष सत्र के तहत लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और एक दिसंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की कार्यवाही दो और तीन दिसंबर को चलेगी। सरकार ने कहा है कि इस दौरान महत्वपूर्ण विधायी और अन्य सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा।

सूत्रों के अनुसार, सोमवार सुबह कार्यमंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक बुलाई गई है। इसमें विशेष सत्र के दौरान होने वाले विधायी कार्यों को लेकर सभी राजनीतिक दलों के साथ विचार-विमर्श किया जाएगा। सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले विधेयकों का विस्तृत ब्योरा भी बाद में सामने आएगा।

महिला आरक्षण और परिसीमन पर नजर

विशेष सत्र को लेकर राजनीतिक गलियारों में सबसे अधिक चर्चा महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े प्रस्तावों की है। संकेत हैं कि सरकार महिला आरक्षण को लागू करने की प्रक्रिया और लोकसभा की सीटों के पुनर्निर्धारण से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक फिर से पेश कर सकती है।

सरकार का प्रस्ताव लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों की संख्या बढ़ाकर अधिकतम 850 करने से जुड़ा है। इसके जरिए 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले संसद और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का रास्ता तैयार करने की बात कही जा रही है।

हालांकि, विपक्षी दल परिसीमन की प्रक्रिया और उसके राजनीतिक प्रभावों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में विशेष सत्र में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस होने की संभावना है।

Popular Articles