नई दिल्ली। पाकिस्तान की अंतरिक्ष संबंधी क्षमताओं में चीन की मदद से लगातार सुधार हो रहा है। ऐसे में भारत को भी अपनी अंतरिक्ष और सैन्य तकनीकी क्षमताओं को मजबूत करने की जरूरत है। यह बात चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने शुक्रवार को नई दिल्ली में कही।
‘भविष्य के युद्ध और बहु-क्षेत्रीय अभियानों के लिए भारत की तैयारी’ विषय पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की राष्ट्रीय अंतरिक्ष एजेंसी सुपारको (SUPARCO) भी अपनी क्षमताएं विकसित करने में जुटी है। इसके अलावा पाकिस्तान को तुर्किये से भी सहायता मिलने की संभावना है।
पाकिस्तान को मिल सकती हैं चीन की आधुनिक तकनीकें
सीडीएस ने कहा कि चीन के पास मौजूद खुफिया जानकारी, निगरानी एवं टोही (ISR), पोजिशनिंग, नेविगेशन और टाइमिंग से जुड़ी क्षमताओं का लाभ पाकिस्तान को भी मिल सकता है। भारत को अपनी सैन्य रणनीति तैयार करते समय इन संभावनाओं को ध्यान में रखना होगा। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की निगरानी और खुफिया क्षमताएं बेहतर हो सकती हैं, इसलिए भारत को अपनी तैयारियां उसी के अनुरूप बढ़ानी होंगी।
उनका यह बयान चीन के शेनझोउ-24 मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन के सफल प्रक्षेपण के बाद आया है। इस मिशन में तीन अंतरिक्ष यात्री शामिल थे, जिनमें पाकिस्तान के मुहम्मद जीशान अली भी थे। वह चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम में शामिल होने वाले पहले विदेशी नागरिक बने हैं।
भारत का 26,968 करोड़ रुपये का अंतरिक्ष कार्यक्रम
जनरल सुब्रमणि ने भारत के स्पेस-बेस्ड सर्विलांस फेज-3 (SBS-3) कार्यक्रम को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसके शुरू होने से भारत की निगरानी क्षमता में काफी वृद्धि होगी। अक्टूबर 2024 में मंजूर इस परियोजना पर करीब 26,968 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके तहत 52 निगरानी और टोही उपग्रह तैनात किए जाएंगे, जो देश की सीमाओं और हिंद महासागर क्षेत्र पर नजर रखने में मदद करेंगे।
उन्होंने बताया कि भारत अधिक उपग्रहों के निर्माण और प्रक्षेपण की दिशा में भी काम कर रहा है। इसमें निजी क्षेत्र और उद्यमियों की भागीदारी बढ़ाई जा रही है।
तकनीकी श्रेष्ठता स्थायी नहीं
सीडीएस ने कहा कि भारत को चीन की हर सैन्य और अंतरिक्ष क्षमता की बराबरी करने की होड़ में शामिल होने की जरूरत नहीं है। देश की जरूरतों और सीमाओं की सुरक्षा के अनुरूप पर्याप्त क्षमता विकसित करना अधिक महत्वपूर्ण है। उन्होंने आगाह किया कि तकनीकी श्रेष्ठता स्थायी नहीं होती, इसलिए बदलती युद्ध परिस्थितियों के अनुसार लगातार आधुनिकीकरण जरूरी है।





