नई दिल्ली। तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर चल रहे विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा में है। प्रधानमंत्री ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तमिल भाषा में ‘वेट्रिवेल मुरुगनक्कु अरोगरा’ लिखा। इसका अर्थ है ‘भगवान मुरुगन की जय हो’। उन्होंने इस संदेश को हिंदी और अंग्रेजी लिपि में भी साझा किया। हालांकि, प्रधानमंत्री ने अपनी पोस्ट में विवाद या सुप्रीम कोर्ट के आदेश का सीधे तौर पर कोई उल्लेख नहीं किया।
सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु सरकार पर जताई नाराजगी
दरअसल, यह पूरा विवाद मदुरै स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर से जुड़ा है। भगवान मुरुगन को समर्पित इस मंदिर की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून नामक पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर विवाद चल रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को निर्देश दिया था कि 24 नवंबर को दीपोत्सव के अवसर पर पहाड़ी के स्तंभ पर पारंपरिक दीप जलाया जाए। हालांकि, तमिलनाडु सरकार ने कानून-व्यवस्था बिगड़ने की आशंका जताते हुए दीप पारंपरिक स्थान यानी उच्चि पिल्लयार मंदिर के पास स्थित दीप मंडपम में ही जलाया।
अधिकारियों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई
सुप्रीम कोर्ट ने अपने पूर्व आदेश का पालन नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई। अदालत ने कहा कि राज्य सरकार और मंदिर के न्यासी मंडल ने सामूहिक रूप से उसके निर्देशों का उल्लंघन किया है। कोर्ट ने जिला कलेक्टर, हिंदू धार्मिक एवं धर्मार्थ बंदोबस्ती विभाग के अधिकारियों, पुलिस आयुक्त और मंदिर न्यासी मंडल के सदस्यों के खिलाफ अवमानना की कार्रवाई शुरू करने के आधार पाए हैं। संबंधित अधिकारियों और सदस्यों को 15 दिसंबर को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया गया है।
इस विवाद ने तमिलनाडु में धार्मिक और राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है। प्रधानमंत्री की पोस्ट भी इसी घटनाक्रम के बीच सामने आई है।





