Top 5 This Week

Related Posts

मां की जाति के आधार पर भी बच्चों को मिले जाति प्रमाणपत्र, केंद्र सरकार दिशा-निर्देश बनाने पर करे विचार : सुप्रीम कोर्ट

नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों के जाति प्रमाणपत्र जारी करने के मामले में महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए केंद्र सरकार से मां की जातिगत पहचान के आधार पर भी प्रमाणपत्र जारी करने के लिए दिशा-निर्देश बनाने की संभावना पर विचार करने को कहा है। अदालत ने विशेष रूप से तलाक, माता-पिता के अलगाव, बच्चे को छोड़ देने, गोद लेने और एकल मातृत्व जैसी परिस्थितियों का उल्लेख किया।

शुक्रवार को न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने कहा कि ऐसे मामलों में यह मुद्दा महत्वपूर्ण हो जाता है, जहां बच्चे की परवरिश और उसकी अभिरक्षा मां के पास होती है। पीठ ने केंद्र सरकार से इस विषय पर विचार कर कानूनी और संवैधानिक पहलुओं पर सहायता देने को कहा।

पिता की जाति से तय होती है बच्चे की पहचान

सामान्य तौर पर मौजूदा कानूनी सिद्धांत के अनुसार बच्चे की जातिगत पहचान पिता की जाति के आधार पर निर्धारित की जाती है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने पहले भी स्पष्ट किया है कि कुछ विशेष परिस्थितियों में इस सामान्य नियम का अपवाद हो सकता है। विशेषकर अंतरजातीय विवाह के मामलों में यदि बच्चा मां के समुदाय में पला-बढ़ा हो और उसे उसी समुदाय के सामाजिक भेदभाव तथा वंचनाओं का सामना करना पड़ा हो, तो उसकी परिस्थितियों पर अलग से विचार किया जा सकता है।

केंद्र से मांगी गई राय

सुनवाई के दौरान पीठ ने विचार किया कि क्या पिता की जाति को आधार मानने वाले स्थापित सिद्धांत में विशेष परिस्थितियों के लिए अपवाद बनाया जा सकता है। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि ऐसा करते समय आरक्षण और अन्य संबंधित विषयों पर संविधान पीठ के पूर्व फैसलों के सिद्धांतों को प्रभावित नहीं किया जाना चाहिए।

पीठ ने केंद्र सरकार का प्रतिनिधित्व कर रहे अटॉर्नी जनरल आर. वेंकटरमणि से इस विषय पर विचार करने और कानूनी पहलुओं में सहायता देने को कहा। अदालत ने समान जाति के माता-पिता और अंतरजातीय विवाह से जुड़े मामलों को अलग-अलग करने के बजाय सभी पहलुओं पर एक साथ विचार करने का निर्णय लिया।

फिलहाल इस मामले में कोई नया नियम लागू नहीं किया गया है। याचिकाओं पर आगे विचार के लिए सुनवाई स्थगित कर दी गई है।

Popular Articles