नई दिल्ली। पैकेज्ड पेयजल बनाने वाली प्रमुख कंपनी बिसलेरी की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने पश्चिम बंगाल स्थित कंपनी के संयंत्र से लिए गए पानी के नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने के बाद उसके खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दे दी है। प्रयोगशाला की जांच में पानी का नमूना पीने के लिए असुरक्षित पाया गया है।
सूत्रों के अनुसार, पानी का यह नमूना पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के तेलीपाड़ा गांव स्थित बिसलेरी के प्लांट से लिया गया था। प्राथमिक प्रयोगशाला के साथ रेफरल प्रयोगशाला ने भी नमूने में कोलीफॉर्म बैक्टीरिया की मौजूदगी की पुष्टि की। इसके बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अनुमति दी गई।
12 अगस्त को एक बैच की बिक्री पर लगी थी रोक
जांच में असुरक्षित पाए गए पानी का संबंध बैच नंबर PB 201 से है। FSSAI ने 12 अगस्त 2026 को इस बैच की बिक्री पर रोक लगा दी थी। अब दोनों प्रयोगशालाओं की रिपोर्ट के आधार पर कंपनी के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत अभियोजन की मंजूरी दी गई है।
कोलीफॉर्म बैक्टीरिया पानी में संभावित संदूषण का संकेत माना जाता है। यह सीवेज के रिसाव या पाइपलाइन में खराबी के कारण पानी में पहुंच सकता है।
गोवा प्लांट के मामले में भी हुई कार्रवाई
बिसलेरी के खिलाफ यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले गोवा स्थित कंपनी के संयंत्र से लिए गए पानी के नमूने में निर्धारित सीमा से अधिक ब्रोमेट पाया गया था। दोबारा जांच में पॉलीन्यूक्लियर एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी सामने आई थी। इसके बाद उस मामले में भी कंपनी के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी दी गई।
कंपनी ने पानी को बताया सुरक्षित
बिसलेरी ने पहले गोवा मामले में अपने उत्पाद को पीने के लिए सुरक्षित बताते हुए कहा था कि वह नियामक संस्था के साथ पूरा सहयोग करेगी। कंपनी ने जांच के नतीजों पर भी सवाल उठाए थे। पश्चिम बंगाल के ताजा मामले में कंपनी की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
इस बीच FSSAI ने देशभर में पैकेज्ड पेयजल कंपनियों के नमूनों की जांच और निगरानी बढ़ा दी है।





