मदुरै/नई दिल्ली। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी पर शनिवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाया जाएगा। समारोह को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की तैनाती की गई है। शनिवार सुबह केंद्रीय बल के जवानों ने पहाड़ी और आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा एवं निगरानी की जिम्मेदारी संभाल ली।
एक वरिष्ठ सीआरपीएफ अधिकारी के अनुसार, इलाके में बल की एक कंपनी तैनात की गई है। आगे की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों के निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है। स्थानीय श्रद्धालुओं ने सीआरपीएफ जवानों का फूल बरसाकर स्वागत किया।
सुप्रीम कोर्ट ने दिया था सख्त निर्देश
दरअसल, दीपथून पर दीप जलाने को लेकर मंदिर प्रशासन और तमिलनाडु सरकार के बीच विवाद चल रहा है। सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अंतरिम आदेश देते हुए पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर पारंपरिक दीप जलाने की अनुमति दी थी। हालांकि, 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान दीपथून के बजाय उच्ची पिल्लैयार मंदिर के पास निर्धारित दीप मंडपम में ही महादीप जलाया गया।
इसके बाद मामला दोबारा सुप्रीम कोर्ट पहुंचा। शुक्रवार को न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने आदेश का पालन नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई और 28 नवंबर को दीपथून पर दीप जलाने का निर्देश दिया।
मंदिर ट्रस्ट बोर्ड निलंबित, पूर्व न्यायाधीशों को जिम्मेदारी
सुप्रीम कोर्ट ने मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित करते हुए मद्रास हाई कोर्ट के दो पूर्व न्यायाधीशों न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन को मंदिर प्रशासन की निगरानी के लिए रिसीवर नियुक्त किया है। अदालत ने पहाड़ी और मंदिर परिसर की सुरक्षा सीआरपीएफ को सौंपने का भी निर्देश दिया।
15 दिसंबर को अधिकारियों को होना होगा पेश
अदालत ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक, मदुरै के जिला कलेक्टर और मंदिर प्रशासन से जुड़े अधिकारियों सहित 15 लोगों को अवमानना के नोटिस जारी किए हैं। संबंधित अधिकारियों को 15 दिसंबर को अदालत में पेश होकर जवाब देने का निर्देश दिया गया है।
अदालत ने स्पष्ट किया है कि दीप जलाने का आदेश किसी भी पक्ष के जमीन पर मालिकाना हक या पारंपरिक अधिकारों का अंतिम फैसला नहीं है।





