Top 5 This Week

Related Posts

हर बेदखली के लिए किरायेदारी खत्म करने का नोटिस जरूरी नहीं, मध्य प्रदेश हाई कोर्ट का अहम फैसला

जबलपुर। मकान मालिक और किरायेदारों के बीच चल रहे विवादों को लेकर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण कानूनी स्थिति स्पष्ट की है। कोर्ट ने कहा है कि मध्य प्रदेश आवास नियंत्रण अधिनियम, 1961 के तहत किरायेदार को बेदखल करने के लिए हर मामले में किरायेदारी समाप्त करने का अलग से नोटिस देना अनिवार्य नहीं है। हालांकि, किराया बकाया होने के आधार पर बेदखली की मांग करने पर किरायेदार को दो महीने का नोटिस देना जरूरी है।

न्यायमूर्ति प्रणय वर्मा की एकलपीठ ने यह टिप्पणी करते हुए किरायेदार बाबूलाल सेन की द्वितीय अपील खारिज कर दी। इसके साथ ही निचली अदालतों द्वारा मकान मालिकों के पक्ष में दिए गए बेदखली के आदेश को बरकरार रखा।

क्या था पूरा मामला?

मामला मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना का है। बाबूलाल सेन एक दुकान में किरायेदार थे। मकान मालिकों का कहना था कि उन्होंने यह दुकान पूर्व मालिक से खरीदी थी और वहां मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स व कंप्यूटर का कारोबार शुरू करना चाहते हैं। इसके लिए उन्हें दुकान की वास्तविक जरूरत है।

मकान मालिकों ने दुकान का मासिक किराया 200 रुपये बताया था, जबकि किरायेदार का दावा था कि किराया 100 रुपये प्रतिमाह है। किरायेदार ने दुकान की जरूरत और बकाया किराये के दावों का भी विरोध किया था।

हाई कोर्ट ने क्या कहा?

मामले की सुनवाई के दौरान किरायेदार ने दलील दी कि वैध नोटिस के बिना बेदखली का आदेश नहीं दिया जा सकता। साथ ही उसने बिक्री दस्तावेज में दुकान के बजाय खुला भूखंड दर्ज होने का मुद्दा भी उठाया।

हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि मध्य प्रदेश आवास नियंत्रण अधिनियम की धारा 12(1) के तहत निर्धारित आधारों पर मकान मालिक सीधे बेदखली का मुकदमा दायर कर सकता है। इसके लिए हर स्थिति में ट्रांसफर ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट की धारा 106 के तहत किरायेदारी समाप्त करने का नोटिस जरूरी नहीं है। केवल किराया बकाया होने के आधार पर बेदखली के मामले में दो महीने का नोटिस अनिवार्य है।

कोर्ट ने किरायेदार की दलीलों को स्वीकार नहीं किया और उसकी अपील खारिज कर दी।

Popular Articles