Top 5 This Week

Related Posts

मिशन 360 : परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए सरकार ने तेज की तैयारी, डीएमके और शरद पवार गुट के समर्थन पर नजर

नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से पहले केंद्र सरकार ने परिसीमन विधेयक पारित कराने के लिए राजनीतिक समीकरण साधने शुरू कर दिए हैं। सरकार की नजर लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक के पक्ष में 360 सांसदों का समर्थन जुटाने पर है। इसके लिए सत्तारूढ़ गठबंधन उन विपक्षी दलों से भी संपर्क कर रहा है, जो पहले विधेयक का विरोध कर चुके हैं। इनमें डीएमके और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) प्रमुख हैं।

50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव बना सहमति का आधार

सरकार की ओर से सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में लोकसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही 2051 तक राज्यों के बीच सीटों के मौजूदा अनुपात को बनाए रखने की बात कही गई है। इस प्रस्ताव से दक्षिण भारतीय राज्यों की राजनीतिक हिस्सेदारी कम होने की आशंका दूर करने की कोशिश की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक, शरद पवार गुट के आठ सांसद विधेयक पर समर्थन देने के लिए सकारात्मक रुख अपना सकते हैं। वहीं, 22 सांसदों वाली डीएमके ने भी तमिलनाडु की लोकसभा में मौजूदा 7.2 प्रतिशत हिस्सेदारी बरकरार रखने की शर्त पर समर्थन के संकेत दिए हैं।

क्या है लोकसभा का पूरा गणित?

लोकसभा में फिलहाल 540 निर्वाचित सदस्य हैं। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सदन में उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों के दो-तिहाई समर्थन की आवश्यकता होती है। यदि 540 सदस्य मतदान करते हैं तो 360 वोट जरूरी होंगे।

सरकार के पास एनडीए के करीब 319 सांसदों का समर्थन बताया जा रहा है। इसमें शरद पवार गुट के आठ सांसदों के जुड़ने पर संख्या 327-328 तक पहुंच सकती है। डीएमके के 22 सांसदों का समर्थन मिलने पर यह आंकड़ा करीब 350 हो जाएगा। वाईएसआर कांग्रेस के चार सांसदों और कुछ अन्य दलों के समर्थन से संख्या 360 के करीब पहुंच सकती है।

गैरहाजिरी भी बदल सकती है समीकरण

इस विधेयक की सफलता केवल समर्थन जुटाने पर निर्भर नहीं करेगी, बल्कि मतदान के दिन सदन में मौजूद सांसदों की संख्या भी महत्वपूर्ण होगी। अप्रैल में हुए पिछले मतदान के दौरान 528 सांसदों ने हिस्सा लिया था। विधेयक के पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े थे। आवश्यक दो-तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण विधेयक पारित नहीं हो सका था।

अब सरकार नए प्रस्ताव और क्षेत्रीय दलों के समर्थन के सहारे दोबारा कोशिश में जुटी है। 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक की राजनीतिक और संसदीय परीक्षा होगी।

Popular Articles