Top 5 This Week

Related Posts

‘योगी नहीं तो यूपी नहीं’, संजय राउत ने की मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ, 2027 में भी नेतृत्व जारी रहने का जताया भरोसा

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। इसी बीच शिवसेना (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की खुलकर तारीफ की है। उन्होंने योगी को हिंदुत्व का सबसे बड़ा चेहरा बताते हुए कहा कि अगर योगी नहीं हैं तो उत्तर प्रदेश नहीं है।

गुरुवार को मीडिया से बातचीत के दौरान संजय राउत ने कहा कि यदि योगी आदित्यनाथ ने खुद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित किया है तो यह सराहनीय है। वह एक सक्षम नेता हैं और हम भी उनसे बहुत प्यार करते हैं। राउत ने विश्वास जताया कि भाजपा को आगामी विधानसभा चुनाव में बहुमत मिलेगा और निर्वाचित विधायकों का समर्थन भी योगी आदित्यनाथ को ही मिलेगा।

केशव मौर्य के बयान के बाद बढ़ी चर्चा

संजय राउत का यह बयान उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के हालिया बयान के बाद आया है। मौर्य ने बुधवार को कहा था कि भाजपा विधानसभा चुनाव कमल के फूल के नाम पर लड़ेगी। चुनाव के बाद पार्टी के नवनिर्वाचित विधायक बैठक में अपने नेता का चयन करेंगे। इसके लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक भी भेजे जाएंगे।

मुख्यमंत्री पद की दावेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर मौर्य ने कहा कि भाजपा में किसी एक व्यक्ति के हाथ में फैसला नहीं होता। पार्टी की एक निर्धारित प्रक्रिया है और 2027 के चुनाव के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

योगी के बयान से भी गरमाई सियासत

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा था कि भाजपा का चुनावी चेहरा कमल का फूल है और कौन क्या है, यह सभी जानते हैं।

संजय राउत की टिप्पणी को ऐसे समय में महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जब भाजपा में उत्तर प्रदेश के अगले मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर चर्चाएं जारी हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी और तेज होने की संभावना है।

Popular Articles