Top 5 This Week

Related Posts

चुनाव से पहले धामी सरकार ने पेश किया पांच साल का रिपोर्ट कार्ड, महिला सशक्तीकरण से यूसीसी तक पांच नीतियों पर रहा खास जोर

देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश किया है। गुरुवार को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि जनता से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया गया है। रिपोर्ट कार्ड में पांच प्रमुख क्षेत्रों महिला सशक्तीकरण, युवा रोजगार, देवभूमि की सांस्कृतिक पहचान, गरीब एवं बुजुर्ग कल्याण और किसान हितों पर विशेष जोर दिया गया है।

  1. महिला सशक्तीकरण पर विशेष जोर

सरकार ने महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने को बड़ी उपलब्धि बताया है। रिपोर्ट के अनुसार, 3.5 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपये तक ब्याज मुक्त ऋण और एकल महिलाओं को प्रतिमाह 1,500 रुपये पेंशन देने का भी उल्लेख किया गया है।

  1. युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार

मुख्यमंत्री के अनुसार, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके अलावा युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहन दिया जा रहा है।

  1. देवभूमि की पहचान और सांस्कृतिक संरक्षण

रिपोर्ट कार्ड में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने को प्रमुख उपलब्धि बताया गया है। उत्तराखंड स्वतंत्र भारत में यूसीसी लागू करने वाला पहला राज्य बना। इसके साथ ही सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को भी प्रमुखता दी गई है।

  1. गरीबों और बुजुर्गों के लिए योजनाएं

सरकार ने अंत्योदय परिवारों को सालाना तीन मुफ्त गैस सिलिंडर देने और बुजुर्ग दंपती को अलग-अलग पेंशन उपलब्ध कराने जैसी योजनाओं का उल्लेख किया है। अटल आयुष्मान योजना के तहत लाखों लोगों को पांच लाख रुपये तक के निशुल्क उपचार की सुविधा देने का दावा भी किया गया है।

  1. किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस

किसानों के लिए मंडुवा का न्यूनतम समर्थन मूल्य बढ़ाकर 5,200 रुपये प्रति क्विंटल किया गया है। पॉलीहाउस निर्माण पर सब्सिडी, सेब और कीवी उत्पादन को प्रोत्साहन तथा स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के प्रयासों को भी सरकार ने अपनी उपलब्धियों में शामिल किया है।

70 प्रतिशत चुनावी वादे पूरे करने का दावा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्ष 2022 के संकल्प पत्र में किए गए लगभग 70 प्रतिशत वादे पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता के सहयोग से भाजपा आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व मुख्यमंत्री, मंत्री और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Popular Articles