देहरादून। उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी ने देहरादून स्थित बलबीर रोड प्रदेश मुख्यालय को चुनावी वॉर रूम में तब्दील कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विधिवत पूजा-अर्चना के साथ वॉर रूम का उद्घाटन किया। इस दौरान प्रदेश प्रभारी राम माधव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
भाजपा का यह वॉर रूम मार्च 2027 में चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक पार्टी की चुनावी गतिविधियों का मुख्य केंद्र रहेगा। यहां से बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों, चुनावी रणनीति और प्रचार अभियान की निगरानी की जाएगी। इसके लिए वॉर रूम, प्रबंधन समिति और लीगल सेल की अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं।
धामी सरकार का पांच साल का रिपोर्ट कार्ड जारी
विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने धामी सरकार के पांच साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड भी जारी किया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा सरकार अपने कामकाज का हिसाब जनता के सामने रखने में विश्वास करती है। वर्ष 2022 में भी पार्टी रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच गई थी। उन्होंने भरोसा जताया कि उत्तराखंड की जनता के आशीर्वाद से भाजपा लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी।
36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी का दावा
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि अब तक करीब 36 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 11 हजार युवाओं को ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जर्मनी और जापान में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
साढ़े तीन लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी
महिला सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए धामी ने कहा कि प्रदेश में साढ़े तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था भी की गई है।
मुख्यमंत्री ने आयुष्मान योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास योजनाओं, सड़क कनेक्टिविटी और बांध परियोजनाओं को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।
तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी सरकार के विकास कार्यों और उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएगी। पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव में बड़े बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी का लक्ष्य रखा है। चुनाव को देखते हुए संगठन ने बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की रणनीति तैयार की है।





