Top 5 This Week

Related Posts

नैनीताल में भुट्टा बेचने वालों को हाईकोर्ट से राहत, दो दिन में वेंडर रजिस्ट्रेशन और सात दिन में लेना होगा फूड लाइसेंस

नैनीताल। उत्तराखंड हाईकोर्ट ने नैनीताल के विभिन्न व्यू प्वाइंट और सड़कों के किनारे भुट्टा बेचकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले दुकानदारों को राहत दी है। अदालत ने नगर पालिका और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे दुकानदारों के पंजीकरण और लाइसेंस संबंधी आवेदनों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करें।

न्यायमूर्ति पंकज पुरोहित की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए याचिका का निस्तारण कर दिया। अदालत ने याचिकाकर्ताओं को दो दिन के भीतर नगर पालिका में वेंडर रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन करने और सात दिन के भीतर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत फूड लाइसेंस के लिए आवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

15 साल से बेच रहे हैं भुट्टा

मामले में रुक्साना और अन्य दुकानदारों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि वे पिछले करीब 15 वर्षों से नैनीताल के अलग-अलग व्यू प्वाइंट और सड़क किनारे भुट्टा बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। अचानक नगर पालिका ने उन्हें इन स्थानों पर दुकान लगाने से रोक दिया, जिससे उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया।

नगर पालिका ने गंदगी और लाइसेंस का दिया हवाला

सुनवाई के दौरान नगर पालिका की ओर से बताया गया कि दुकानदारों के पास आवश्यक वेंडर पंजीकरण और फूड लाइसेंस नहीं हैं। इसके अलावा दुकानों के आसपास गंदगी फैलने से स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा संबंधी समस्याएं पैदा हो रही हैं।

सात दिन में अधिकारियों को देना होगा फैसला

हाईकोर्ट ने कहा कि आजीविका कमाना प्रत्येक व्यक्ति का महत्वपूर्ण अधिकार है, हालांकि इसके लिए निर्धारित नियमों का पालन भी जरूरी है। अदालत ने निर्देश दिया कि आवेदन मिलने के सात दिन के भीतर नगर पालिका और संबंधित अधिकारी कारणों सहित अपना निर्णय पारित करें।

अदालत के इस आदेश से लंबे समय से भुट्टा बेचकर आजीविका चलाने वाले दुकानदारों को अपना रोजगार जारी रखने की उम्मीद जगी है। अब उन्हें निर्धारित नियमों के तहत पंजीकरण और लाइसेंस प्राप्त करना होगा।

Popular Articles