Top 5 This Week

Related Posts

उत्तरकाशी अग्निकांड: पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचे सीएम धामी, जले हुए घरों का किया निरीक्षण; प्रभावितों को हरसंभव मदद का भरोसा

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के मोरी विकासखंड स्थित पवाणी गांव में हुए भीषण अग्निकांड के बाद गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे। उन्होंने आग से तबाह हुए मकानों का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका दुख-दर्द जाना। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

मंगलवार को गांव में लगी भीषण आग ने भारी तबाही मचाई थी। आग की चपेट में आने से 33 आवासीय भवन पूरी तरह जलकर राख हो गए। इन मकानों में 44 परिवार रह रहे थे। कई परिवारों का वर्षों की मेहनत से जुटाया गया घरेलू सामान, नकदी, आभूषण और जरूरी दस्तावेज भी आग में नष्ट हो गए। गांव का प्राथमिक विद्यालय और पंचायत भवन भी आग की चपेट में आ गए।

प्रभावित परिवारों के लिए राहत व्यवस्था

अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने गांव में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। प्रभावित परिवारों के लिए टेंट, राशन और भोजन की व्यवस्था की गई है। गांव में सामूहिक रसोई भी संचालित की जा रही है, जहां पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

इससे पहले जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की थी। प्रशासन की ओर से 44 प्रभावित परिवारों को पांच-पांच हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता के चेक भी दिए गए हैं।

नुकसान का आकलन कर मिलेगा मुआवजा

मुख्यमंत्री धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को रहने, खाने, कपड़े, पेयजल और चिकित्सा सहित सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने नुकसान का आकलन कर नियमानुसार उचित मुआवजा देने और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

ग्रामीणों के सामने पुनर्वास की चुनौती

अग्निकांड में घरों के साथ ग्रामीणों की छह महीने के लिए जमा की गई खाद्य सामग्री, पशुओं का चारा और अन्य जरूरी सामान भी जल गया। ऐसे में सर्दियों से पहले प्रभावित परिवारों के सामने दोबारा जीवन शुरू करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए और पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनकी मदद के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ काम करेगी।

Popular Articles