Top 5 This Week

Related Posts

पैकेटबंद खाद्य पदार्थों पर लगेंगे लाल चेतावनी लेबल, हाई शुगर, हाई फैट और हाई सॉल्ट की देनी होगी जानकारी; सुप्रीम कोर्ट का बड़ा निर्देश

नई दिल्ली। पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में अधिक मात्रा में चीनी, नमक और वसा की मौजूदगी को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने केंद्र सरकार और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को निर्देश दिया है कि ऐसे खाद्य उत्पादों के पैकेट के सामने स्पष्ट चेतावनी लेबल लगाए जाएं। इससे उपभोक्ता सामान खरीदते समय ही समझ सकेंगे कि संबंधित उत्पाद में कौन-सा पोषक तत्व अधिक मात्रा में मौजूद है।

न्यायमूर्ति जेबी पारदीवाला और न्यायमूर्ति के. विनोद चंद्रन की पीठ ने कहा कि जिन उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक चीनी, वसा या नमक होगा, उन पर अलग-अलग लाल रंग के छह कोनों वाले (षट्कोणीय) चेतावनी चिह्न लगाने होंगे। इन पर ‘हाई शुगर’, ‘हाई फैट’ और ‘हाई सॉल्ट’ लिखा होगा। प्रत्येक चेतावनी के साथ संबंधित पोषक तत्व का चित्र भी प्रदर्शित करना होगा।

कुल चीनी और सैचुरेटेड फैट की होगी गणना

सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI को निर्देश दिया कि चेतावनी के लिए केवल अतिरिक्त मिलाई गई चीनी और वसा को आधार न बनाया जाए। इसके बजाय कुल चीनी (टोटल शुगर) और सैचुरेटेड फैट के साथ नमक को भी प्रमुख चिंताजनक पोषक तत्व माना जाए।

अदालत ने प्राधिकरण को इन पोषक तत्वों की निर्धारित सीमा की दोबारा समीक्षा करने को कहा है। साथ ही स्पष्ट किया कि चेतावनी चिह्न इतने बड़े और स्पष्ट होने चाहिए कि ग्राहक आसानी से उन्हें पढ़ सकें। प्रत्येक चिह्न पैकेट के सामने वाले मुख्य हिस्से का कम से कम 4 से 5 प्रतिशत स्थान घेरेगा।

चार महीने में नियम तैयार करने के निर्देश

अदालत ने FSSAI को नए नियमों का मसौदा तैयार करने और अंतिम रूप देने के लिए लगभग चार महीने का समय दिया है। इसके तहत प्रस्तावित नियमों पर संबंधित पक्षों से सुझाव और आपत्तियां भी मांगी जाएंगी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि नियम लागू करने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए, क्योंकि इसका सीधा संबंध लोगों के स्वास्थ्य और उनके सही विकल्प चुनने के अधिकार से है।

बच्चों को भी दी जाएगी पोषण की जानकारी

सुप्रीम कोर्ट ने बच्चों में पोषण संबंधी जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया है। केंद्र सरकार को स्कूलों के पाठ्यक्रम में आवश्यक बदलाव करने तथा कार्यशालाओं और अन्य गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को स्वस्थ खानपान के बारे में व्यावहारिक जानकारी देने के निर्देश दिए गए हैं।

यह फैसला ‘3एस एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ की जनहित याचिका पर सुनाया गया। अदालत का मानना है कि स्पष्ट चेतावनी लेबल से उपभोक्ताओं को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता समझने और बेहतर विकल्प चुनने में मदद मिलेगी।

Popular Articles