Top 5 This Week

Related Posts

भारत सरकार का नेटफ्लिक्स को निर्देश, पाकिस्तान में बने कंटेंट की भारत में स्ट्रीमिंग पर लगाएं रोक; नई वेब सीरीज को लेकर विवाद

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स को निर्देश दिया है कि पाकिस्तान में निर्मित किसी भी फिल्म, वेब सीरीज या अन्य मनोरंजन सामग्री की भारत में स्ट्रीमिंग न की जाए। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इस संबंध में नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी अपनी एडवाइजरी का पालन करने और पहले दिए गए आश्वासन पर कायम रहने को कहा है।

यह निर्देश पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ (Jo Bachay Hain Sang Samait Lo) को लेकर मिली शिकायतों के बाद दिया गया है। इस सीरीज का ट्रेलर मंगलवार को जारी हुआ था और इसे चार दिसंबर को रिलीज किया जाना प्रस्तावित है।

पाकिस्तानी वेब सीरीज को लेकर मिली शिकायतें

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय को इस सीरीज को भारत में रिलीज किए जाने की संभावना को लेकर कई शिकायतें और आपत्तियां मिली थीं। इसके बाद मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को स्पष्ट किया कि भारत में पाकिस्तान में बनी सामग्री उपलब्ध नहीं होनी चाहिए।

मंत्रालय ने जून 2025 में नेटफ्लिक्स की ओर से दिए गए उस आश्वासन का भी हवाला दिया, जिसमें कंपनी ने कहा था कि उसने भारतीय दर्शकों के लिए पाकिस्तान में निर्मित कोई फिल्म या वेब सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है।

8 मई 2025 की एडवाइजरी का दिया हवाला

केंद्र सरकार ने 8 मई 2025 को जारी एडवाइजरी का पालन करने को कहा है। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा और देशहित का हवाला देते हुए ओटीटी प्लेटफॉर्म और अन्य डिजिटल माध्यमों को पाकिस्तान में निर्मित वेब सीरीज, फिल्मों, गानों, पॉडकास्ट और अन्य स्ट्रीमिंग सामग्री को तत्काल प्रभाव से बंद करने की सलाह दी गई थी।

फवाद खान और माहिरा खान हैं मुख्य कलाकार

विवादित वेब सीरीज में पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान, माहिरा खान, सनम सईद, अहद रजा मीर और हानिया आमिर सहित कई कलाकार शामिल हैं। यह सीरीज लेखिका फरहत इश्तियाक के उपन्यास पर आधारित है और इसमें तीन पीढ़ियों की प्रेम कहानियां दिखाई गई हैं।

इससे पहले ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस सीरीज की भारत में रिलीज रोकने की मांग की थी। संगठन ने भारतीय मनोरंजन माध्यमों पर पाकिस्तानी कंटेंट के स्थायी प्रतिबंध की मांग उठाई है।

फिलहाल नेटफ्लिक्स की ओर से भारत में इस सीरीज की उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक सार्वजनिक स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है।

Popular Articles