Top 5 This Week

Related Posts

मध्य प्रदेश के सागर में शराब दुकानों के बाहर 400 लोगों की स्वास्थ्य जांच, कई में लीवर की समस्या; 300 से अधिक शराबियों की पहचान

सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद प्रशासन ने नियमित शराब पीने वालों के स्वास्थ्य की जांच के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसके तहत शराब की दुकानों के बाहर स्वास्थ्य विभाग की टीमें तैनात कर लोगों की जांच की जा रही है। बुधवार तक 400 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। जांच में कई लोगों में लीवर संबंधी समस्याएं सामने आई हैं।

गौरतलब है कि सितंबर महीने में सागर जिले में जहरीली शराब पीने से 39 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद जिला प्रशासन ने शराब का नियमित सेवन करने वाले लोगों की पहचान कर उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराने का निर्णय लिया।

300 से अधिक नियमित शराबियों की पहचान

प्रशासन ने जिले में 300 से अधिक ऐसे लोगों को चिह्नित किया है, जो नियमित रूप से शराब का सेवन करते हैं। अब आबकारी विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, महिला एवं बाल विकास विभाग और स्वयंसेवी संस्थाओं की संयुक्त टीमें इन लोगों के घर जाकर काउंसलिंग करेंगी। उन्हें शराब के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देकर सेवन छोड़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

आधार कार्ड नहीं होने से आ रही परेशानी

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग को कुछ व्यावहारिक समस्याओं का सामना भी करना पड़ रहा है। कई लोगों के पास आधार कार्ड उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी जांच रिपोर्ट तैयार करने में दिक्कत आ रही है। वहीं, ब्लड सैंपल की रिपोर्ट सीधे संबंधित व्यक्ति के मोबाइल पर पहुंच रही है, जिससे विभाग को रिपोर्ट की जानकारी जुटाने में परेशानी हो रही है।

कई बस्तियां भी अभियान में शामिल

प्रशासन ने देवरी, बंडा, बीना और नरयावली सहित उन क्षेत्रों को भी अभियान में शामिल किया है, जहां कच्ची शराब बनाने और पीने का चलन है। डेरा, कुचबंदिया, कबूतरा और बेड़िया समुदाय की बस्तियों में भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिला आबकारी अधिकारी वंदना पांडेय के अनुसार, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिस और एनजीओ की मदद से लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा और उन्हें शराब के सेवन से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया जाएगा।

प्रशासन का उद्देश्य समय रहते स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान करना और जहरीली शराब जैसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकना है।

Popular Articles