देहरादून। साहित्य, सिनेमा, संगीत और कला की दुनिया के दिग्गजों का जमावड़ा शुक्रवार से देहरादून में शुरू होने जा रहा है। तीन दिवसीय देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (डीडीएलएफ) 27 से 29 नवंबर तक दून इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित होगा। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ रखी गई है। इसमें ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान, फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली, अभिनेत्री शबाना आजमी, रत्ना पाठक शाह और अभिनेता राज बब्बर सहित कई नामचीन हस्तियां शामिल होंगी।
एआर रहमान और इम्तियाज अली का होगा खास संवाद
महोत्सव का प्रमुख आकर्षण एआर रहमान और फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली के बीच विशेष बातचीत होगी। इसमें संगीत, सिनेमा और कहानी कहने की कला के आपसी संबंधों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा संगीतकार विशाल भारद्वाज और गायिका रेखा भारद्वाज भी अपनी प्रस्तुतियों और अनुभवों से दर्शकों को रूबरू कराएंगे।
रस्किन बॉन्ड के उपन्यास का विशेष संस्करण होगा जारी
प्रसिद्ध लेखक रस्किन बॉन्ड के पहले उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ के प्रकाशन के 70 वर्ष पूरे होने पर इसका विशेष चित्रांकित संस्करण जारी किया जाएगा। इसके साथ ही उभरती साहित्यिक प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए रस्किन बॉन्ड लिटरेरी अवॉर्ड्स भी प्रदान किए जाएंगे।
ममता कालिया और पीपल बाबा को मिलेगा सम्मान
वरिष्ठ लेखिका ममता कालिया को ‘शिवानी-आयरन लेडी ऑफ द हिल्स’ सम्मान से नवाजा जाएगा। वहीं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में योगदान के लिए पीपल बाबा को ‘गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज’ सम्मान दिया जाएगा।
साहित्य के साथ सामाजिक सरोकारों पर भी जोर
इस बार महोत्सव में साहित्य और मनोरंजन के साथ सामाजिक मुद्दों को भी विशेष स्थान दिया गया है। ‘दुआ-देहरादून यूनाइटेड आर्टिस्ट्स’ पहल के तहत संगीत कार्यक्रमों से धन जुटाया जाएगा। इसका उद्देश्य उत्तराखंड के दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करना है।
महोत्सव में कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन पर आधारित पुस्तक ‘ये दिल मांगे मोर’ पर भी विशेष चर्चा होगी। इसके अलावा नाटक, कविता, पुस्तक विमोचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन से देहरादून साहित्य, संस्कृति और कला के राष्ट्रीय मंच के रूप में एक बार फिर अपनी पहचान मजबूत करेगा।





