नई दिल्ली। धर्मनगरी वाराणसी में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को देव दीपावली का पर्व बेहद भव्य और दिव्य रूप में मनाया गया। गंगा के अर्धचंद्राकार घाटों से लेकर बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ धाम तक हर तरफ दीपों की रोशनी दिखाई दी। इस अद्भुत नजारे की तस्वीरें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा कीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “बाबा विश्वनाथ की नगरी में आज सर्वत्र देव दीपावली की अद्भुत दिव्यता और अलौकिक छटा बिखरी हुई है।” उनकी ओर से साझा की गई तस्वीरों में गंगा घाटों पर सजे लाखों दीपक, भव्य गंगा आरती और रोशनी से जगमगाते घाटों का मनमोहक दृश्य दिखाई दिया।
11 लाख दीयों से रोशन हुए गंगा घाट
देव दीपावली के अवसर पर वाराणसी के 84 गंगा घाटों को करीब 11 लाख मिट्टी के दीयों से रोशन किया गया। दीपों की जगमगाहट से पूरी काशी का नजारा अलौकिक हो उठा। घाटों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
गंगा आरती और लेजर शो रहे आकर्षण का केंद्र
दशाश्वमेध घाट पर 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने भव्य गंगा आरती की। वहीं, चेत सिंह घाट पर लेजर शो, थ्रीडी प्रोजेक्शन मैपिंग और आधुनिक तकनीक के माध्यम से काशी की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को दर्शाया गया।
इस दौरान गंगा तट पर दीपदान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और आकर्षक रोशनी ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ा दिया। देव दीपावली के इस अद्भुत आयोजन ने एक बार फिर काशी की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया।





