Top 5 This Week

Related Posts

बिसलेरी विवाद से पैकेज्ड वाटर इंडस्ट्री में मचा हड़कंप, किनले-अक्वाफिना समेत कई ब्रांड जांच के दायरे में

नई दिल्ली। देश के प्रमुख पैकेज्ड वाटर ब्रांड बिसलेरी के एक सैंपल के गुणवत्ता मानकों पर खरा नहीं उतरने के बाद बोतलबंद पानी उद्योग में हलचल मच गई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) की कार्रवाई के बाद अब अन्य कंपनियों के उत्पादों की भी जांच शुरू हो गई है। इससे करीब चार अरब डॉलर के पैकेज्ड वाटर बाजार में गुणवत्ता, शुद्धता और नियामकीय नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

दरअसल, एफएसएसएआई ने बिसलेरी इंटरनेशनल के गोवा स्थित संयंत्र से लिए गए पानी के एक सैंपल को निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप नहीं पाया। शुरुआती जांच में इसमें ब्रोमेट की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक मिली। कंपनी की अपील के बाद रेफरल लैब में दोबारा जांच की गई, जहां पॉलीसाइक्लिक एरोमैटिक हाइड्रोकार्बन (PAHs) की मौजूदगी के आधार पर सैंपल को असुरक्षित घोषित किया गया। इसके बाद नियामक ने कंपनी के खिलाफ अभियोजन की मंजूरी दी।

अन्य कंपनियों के उत्पादों की भी जांच

इस मामले के सामने आने के बाद एफएसएसएआई ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। किनले, एक्वाफिना और हिमालयन जैसे प्रमुख ब्रांडों सहित अन्य पैकेज्ड वाटर कंपनियों के उत्पाद भी जांच के दायरे में हैं। हालांकि, फिलहाल किसी प्रतिस्पर्धी ब्रांड के सैंपल के फेल होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

लेबलिंग और गुणवत्ता मानकों पर उठे सवाल

उद्योग विशेषज्ञों का मानना है कि इस विवाद से कंपनियों को गुणवत्ता नियंत्रण और उत्पादन प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता लाने की जरूरत महसूस होगी। पानी की शुद्धता, मिनरल्स की मात्रा और पैकेट पर दी जाने वाली जानकारी को लेकर स्पष्ट नियम बनाए जाने चाहिए, ताकि उपभोक्ताओं को उत्पाद की वास्तविक गुणवत्ता का पता चल सके।

विशेषज्ञों के अनुसार, नियमित परीक्षण और सख्त निगरानी से नकली तथा घटिया गुणवत्ता वाले ब्रांडों पर भी अंकुश लगाया जा सकेगा।

बिसलेरी ने किया सुरक्षित होने का दावा

वहीं, बिसलेरी ने अपने उत्पादों को सुरक्षित बताते हुए कहा है कि उसकी निर्माण प्रक्रिया में 90 से अधिक गुणवत्ता परीक्षण किए जाते हैं। कंपनी का कहना है कि विवाद सितंबर 2025 में गोवा संयंत्र में तैयार एक विशेष बैच से जुड़ा है। कंपनी ने नियामक जांच में सहयोग करने की बात भी कही है।

गौरतलब है कि नवंबर 2024 में पैकेज्ड वाटर को एफएसएसएआई ने उच्च जोखिम वाली खाद्य श्रेणी में शामिल किया था। अब इस कार्रवाई के बाद पूरे उद्योग में निगरानी और गुणवत्ता मानकों को लेकर सख्ती बढ़ने की संभावना है।

Popular Articles