Top 5 This Week

Related Posts

कार में छिपाकर ला रहे थे 218 ग्राम स्मैक, लालकुआं में दो तस्कर दबोचे

पुलिस के मुताबिक 65.40 लाख की नशे की खेप बरामद, ट्रक ड्राइवर और बनभूलपुरा का दर्जी गिरफ्तार

हल्द्वानी। नशे के कारोबारियों पर नैनीताल पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज हो रही है। लालकुआं में चेकिंग के दौरान पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक अल्टो कार से 218.04 ग्राम स्मैक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की कीमत करीब 65.40 लाख रुपये है। पकड़े गए आरोपियों में एक ट्रक ड्राइवर और दूसरा बनभूलपुरा में दर्जी का काम करता है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने नशे की खेप के स्रोत और नेटवर्क की पड़ताल शुरू कर दी है।

खुलासा करते हुए एस पी क्राइम जगदीश चंद्र, व एस पी सिटी हरबंश सिंह ने बताया कि मंगलवार को लालकुआं क्षेत्र में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान सुभाष नगर बैरियर के पास पुलिस टीम ने अल्टो कार संख्या यू पी 24-एच -4787 को रोका। तलाशी के दौरान कार से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार सवार नदीम खान उर्फ गण्ठा निवासी सिरौली कला, पुलभट्टा और मो. शफीक उर्फ शफी निवासी मोहम्मदपुर, बहेड़ी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात बताई है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में स्मैक किससे खरीदी गई और इसे हल्द्वानी अथवा अन्य इलाकों में किन लोगों तक पहुंचाया जाना था। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नदीम खान ट्रक ड्राइवर है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का काम करता है। दोनों के आपराधिक नेटवर्क और नशे के कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

यह कार्रवाई एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चल रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और सीओ लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण में लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनंदपुरी, कांस्टेबल दिलीप कुमार, हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र ज्येष्ठा और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई पर एसएसपी ने टीम को दो हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Popular Articles