भाई को अस्पताल से छुट्टी दिलाने के बाद घर जाने की बात कहकर निकली थी नीमा, पति की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज
हल्द्वानी। भाई के इलाज के लिए मायके आई महिला अस्पताल से बाजपुर स्थित अपने घर जाने के लिए निकली, लेकिन न घर पहुंची और न ही परिजनों से उसका संपर्क हो पा रहा है। कई दिन बीतने के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं मिलने से परिवार की चिंता बढ़ गई है। पति ने हल्द्वानी कोतवाली पहुंचकर पत्नी की तलाश की गुहार लगाई है।
बाजपुर की भौना कॉलोनी निवासी विनोद चन्द्र ने बताया कि उनकी पत्नी नीमा चार अक्टूबर को अपने बीमार भाई की देखरेख के लिए पनियाली आई थी। भाई का इलाज सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा था। छह अक्टूबर को भाई को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद नीमा ने बाजपुर स्थित घर जाने की बात कही और वहां से निकल गई।
परिजनों के मुताबिक, नीमा सात अक्टूबर तक घर नहीं पहुंची। मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश भी नाकाम रही। इसके बाद परिवार ने पुलिस से उसकी तलाश करने और मोबाइल की लोकेशन का पता लगाने की मांग की।
आठ अक्टूबर को दर्ज हुई गुमशुदगी
पति की तहरीर पर
कोतवाली पुलिस ने आठ अक्टूबर को गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अस्पताल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ मोबाइल लोकेशन के आधार पर भी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल महिला का पता नहीं चल पाया है। परिवार को अब उसकी सुरक्षित वापसी का इंतजार है।





