Top 5 This Week

Related Posts

मारिजुआना मामले के बाद एयर इंडिया का बड़ा फैसला, सभी पायलटों का होगा डोप टेस्ट

नई दिल्ली। फुकेट-दिल्ली उड़ान के पायलट के मारिजुआना सेवन की पुष्टि होने के बाद एयर इंडिया ने अपने सभी पायलटों के लिए साइकोएक्टिव पदार्थों की जांच अनिवार्य करने का फैसला किया है। यह व्यवस्था मौजूदा नियामकीय प्रावधानों से आगे बढ़कर लागू की जा रही है।

एयर इंडिया के आंतरिक निर्देश के अनुसार, अब सभी पायलटों की डोप स्क्रीनिंग की जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान, उड़ान के बाद और निर्धारित अन्य स्थानों पर भी जांच की जा सकती है। यह व्यवस्था एयर इंडिया के साथ उसकी बजट सहयोगी एयर इंडिया एक्सप्रेस के पायलटों पर भी लागू होगी।

यह कदम चार अगस्त को फुकेट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI-2379 में हुई घटना के बाद उठाया गया है। एयरबस A320 नियो विमान अचानक करीब 300 फीट नीचे चला गया था। विमान में 137 यात्री और आठ क्रू सदस्य सवार थे। घटना में करीब 20 यात्रियों और चार क्रू सदस्यों को चोटें आई थीं। दोनों पायलटों को जांच पूरी होने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है।

घटना के बाद विमान के कमांडिंग पायलट की शुरुआती ड्रग स्क्रीनिंग रिपोर्ट ‘नॉन-नेगेटिव’ आई थी। इसके बाद कराई गई पुष्टि जांच में भी मारिजुआना की मौजूदगी सामने आने की खबर है। मामले की जांच एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) कर रहा है और अधिकारियों ने जांच पूरी होने से पहले किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंचने की अपील की है।

सरकार ने भी एयर इंडिया को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) से डोप टेस्ट की मौजूदा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर काम करने को कहा गया है।

एयर इंडिया का यह फैसला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भरोसा मजबूत करने और उड़ान संचालन में किसी भी तरह के नशीले पदार्थ के इस्तेमाल की आशंका को रोकने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

 

Popular Articles