Top 5 This Week

Related Posts

उत्तराखंड की मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल गिरफ्तार, झांसी से पुलिस ने दबोचा; पत्नी ने ही दर्ज कराया था मुकदमा

देहरादून: उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या के पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लंबे समय से फरार चल रहे गिरधारी लाल को उत्तर प्रदेश के झांसी से पकड़ा गया है। उनकी गिरफ्तारी के लिए उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इस मामले की जांच विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है।

रेखा आर्या की शिकायत पर दर्ज हुआ था मुकदमा

दरअसल, कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने 15 अक्टूबर 2026 को देहरादून के कैंट कोतवाली में अपने पति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने गिरधारी लाल पर मारपीट, धमकी देने, धोखाधड़ी, जालसाजी और प्रताड़ित करने जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

मंत्री का आरोप था कि गिरधारी लाल ने शादी के समय अपनी पहली शादी और बच्चों की जानकारी छिपाई थी। इसके अलावा उन्होंने फर्जी हस्ताक्षर और दस्तावेजों के जरिए उन्हें कुछ कंपनियों के निदेशक पद से हटाने का भी आरोप लगाया था।

एसआईटी को मिले थे अहम सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एसपी देहात जया बलूनी की अध्यक्षता में एसआईटी गठित की थी। जांच के दौरान टीम ने कई अहम साक्ष्य जुटाए। गिरधारी लाल को पूछताछ के लिए तीन नोटिस भी जारी किए गए थे, लेकिन वह जांच में शामिल नहीं हुए।

इसके बाद एसआईटी ने अदालत से उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट हासिल किया था। पुलिस लगातार उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

हाईकोर्ट से भी नहीं मिली थी राहत

गिरधारी लाल साहू ने नैनीताल हाईकोर्ट में एफआईआर निरस्त करने और गिरफ्तारी पर रोक लगाने की याचिका दायर की थी। हालांकि, 4 नवंबर को हाईकोर्ट ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी। अदालत ने टिप्पणी की थी कि मामले में लगाए गए आरोप केवल वैवाहिक विवाद तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें गंभीर आपराधिक आरोप भी शामिल हैं।

गिरधारी लाल की गिरफ्तारी के बाद अब एसआईटी उनसे पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेगी।

Popular Articles