वॉशिंगटन, 2 सितंबर। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिकी सेना ने ईरान में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े ठिकानों पर नए हमले किए हैं। इसके बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अगर तेहरान ने जवाबी कार्रवाई की तो अमेरिका उससे भी अधिक ताकत के साथ हमला करेगा।
अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के मुताबिक, अमेरिकी बलों ने ईरान में IRGC के ठिकानों को निशाना बनाया। ये कार्रवाई स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में वाणिज्यिक जहाजों के खिलाफ कथित हमलों और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी सैनिकों को निशाना बनाए जाने के प्रयासों के बाद की गई।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर कहा कि अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरानी ठिकानों पर बड़े और शक्तिशाली हमले किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान ने रणनीतिक जलमार्ग में समुद्री सुरंगें बिछाने का प्रयास किया था। ट्रंप ने यह भी कहा कि ईरान की ओर से जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर आठ मिसाइलें दागी गई थीं, जिन्हें मार गिराया गया।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि यदि ईरान ने इन हमलों का जवाब दिया तो उसे और भी कड़े हमले का सामना करना पड़ेगा। ट्रंप ने संकेत दिया कि अमेरिका के पास इससे भी बड़ी सैन्य कार्रवाई की योजना तैयार है और जरूरत पड़ने पर ईरान के खिलाफ उसका इस्तेमाल किया जा सकता है।
उधर, ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई की निंदा करते हुए जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी है। ईरानी सैन्य अधिकारियों ने अमेरिका को गंभीर परिणाम भुगतने की बात कही है। दोनों देशों के बीच बढ़ते सैन्य तनाव से मध्य पूर्व में स्थिति और गंभीर होने की आशंका बढ़ गई है।
Top of Form





