Top 5 This Week

Related Posts

अग्निवीरों को 2 साल की अतिरिक्त सेवा का मौका, भाजपा बोली- सेना होगी मजबूत और युवाओं का भविष्य बनेगा सुरक्षित

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने अग्निपथ योजना में बड़ा बदलाव करते हुए अग्निवीरों को चार साल की सेवा के बाद दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल देने का फैसला किया है। केंद्रीय मंत्रिमंडल के इस निर्णय का भाजपा ने स्वागत किया है। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता एवं सांसद अनिल बलूनी ने इसे सेना और युवाओं को सशक्त बनाने वाला महत्वपूर्ण कदम बताया है।

अनिल बलूनी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने अग्निवीरों के लिए ‘सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी’ को मंजूरी देकर ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इससे युवा सशक्त होंगे, सेना मजबूत होगी और देश की सुरक्षा व्यवस्था को नई ताकत मिलेगी।

अब छह साल तक कर सकेंगे देश की सेवा

नई व्यवस्था के तहत चार साल की शुरुआती सेवा पूरी करने वाले अग्निवीरों में से 25 प्रतिशत को पहले की तरह योग्यता और प्रदर्शन के आधार पर नियमित सेवा में शामिल होने का अवसर मिलेगा। वहीं शेष 75 प्रतिशत इच्छुक अग्निवीरों को चयन प्रक्रिया के माध्यम से दो साल का अतिरिक्त सेवा विस्तार दिया जाएगा।

इस तरह अग्निवीरों को कुल छह साल तक सेना में सेवाएं देने का अवसर मिलेगा। अतिरिक्त कार्यकाल पूरा होने के बाद उन्हें निर्धारित पात्रता और चयन मानदंडों को पूरा करने पर नियमित सैनिक बनने का एक और मौका मिलेगा।

वेतन और सेवा निधि में भी बढ़ोतरी

भाजपा प्रवक्ता के अनुसार, दूसरे कार्यकाल के दौरान अग्निवीरों को पहले वर्ष 43,500 रुपये और दूसरे वर्ष 47,500 रुपये निश्चित मासिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा लागू भत्ते भी दिए जाएंगे। सरकार का सेवा निधि में योगदान बढ़ाकर मासिक वेतन पैकेज का 70 प्रतिशत कर दिया गया है।

दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल पूरा करने पर अग्निवीरों को ब्याज के अतिरिक्त 10.92 लाख रुपये की सेवा निधि मिलेगी, जो आयकर से मुक्त होगी।

बलूनी ने कहा कि यह फैसला अग्निवीरों के भविष्य को बेहतर बनाने के साथ भारतीय सेना को अनुभवी और प्रशिक्षित युवा सैनिक उपलब्ध कराने में मदद करेगा।

Popular Articles