चंपावत। उत्तराखंड के युवाओं के लिए भारतीय सेना में अग्निवीर बनने का अवसर सामने आया है। चंपावत जिले के बनबसा स्थित मिलिट्री स्टेडियम में 23 से 29 नवंबर तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित की जाएगी। इसमें चंपावत और पिथौरागढ़ जिले के कुल 4,492 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। भर्ती की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तहसीलवार होगा भर्ती कार्यक्रम
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 नवंबर को पिथौरागढ़ तहसील के अग्निवीर जनरल ड्यूटी (जीडी) श्रेणी के 834 अभ्यर्थी भर्ती में शामिल होंगे। 24 नवंबर को मुनस्यारी, बंगापानी, थल, तेजम, गंगोलीहाट और गणाई गंगोली के 949 अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
25 नवंबर को कनालीछीना, बेरीनाग, धारचूला, डीडीहाट, पांखू और देवलथल के 990 अभ्यर्थी प्रतिभाग करेंगे। 26 नवंबर को चंपावत, पाटी और पूर्णागिरि तहसीलों के 988 अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।
27 नवंबर को लोहाघाट और बाराकोट तहसीलों के अग्निवीर जीडी अभ्यर्थियों के साथ दोनों जिलों की सभी तहसीलों के अग्निवीर तकनीकी और ट्रेड्समैन (आठवीं एवं दसवीं पास) श्रेणी के कुल 731 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
28 और 29 नवंबर को होगा मेडिकल परीक्षण
भर्ती प्रक्रिया के तहत 28 और 29 नवंबर को चिकित्सा परीक्षण और दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
अभ्यर्थियों के लिए होंगी विशेष व्यवस्थाएं
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं के लिए पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, परिवहन, ठहरने, भोजन, शौचालय और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक रेखा यादव, आर्मी रिक्रूटिंग ऑफिस के कर्नल अमोल डाबड़गावो, सूबेदार मेजर अरुण शर्मा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
नोट: यह भर्ती रैली ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (CEE) में सफल अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित है।





