नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में बुधवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। स्कूल की तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली नौ वर्षीय छात्रा प्रगति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बच्ची के अचानक जमीन पर गिरने की घटना कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
दिल्ली पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 9:52 बजे पुलिस कंट्रोल रूम (पीसीआर) को सूचना मिली कि लवली पब्लिक स्कूल की छात्रा को गंभीर हालत में निर्माण विहार स्थित मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल ले जाया गया है। वहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।
सीसीटीवी में अचानक गिरती दिखी बच्ची
प्रारंभिक जांच के दौरान पुलिस ने कक्षा में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें बच्ची अचानक धीरे-धीरे झुकती हुई दिखाई देती है और फिर जमीन पर गिर पड़ती है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है। फुटेज में शिक्षिका बच्ची को संभालने और मदद के लिए प्रयास करती दिखाई दे रही हैं।
कार्डियक अरेस्ट से मौत की आशंका
स्कूल की प्रधानाचार्या के अनुसार, बच्ची खेलकर कक्षा में लौट रही थी। इसी दौरान उसे अचानक कार्डियक अरेस्ट आया और वह कक्षा में गिर पड़ी। स्कूल स्टाफ तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस कर रही जांच
पांडव नगर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। बच्ची के माता-पिता और स्कूल अधिकारियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। मौत के सटीक कारणों की पुष्टि जांच और चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार पर होगी।
नौ वर्षीय बच्ची की असामयिक मौत से परिवार और स्कूल में शोक का माहौल है।





