Top 5 This Week

Related Posts

अब शादी से पहले मिलेगी रिश्ते निभाने की ट्रेनिंग, गोवा कॉलेज ने शुरू किया खास कोर्स

पणजी। बेहतर करियर बनाने के लिए युवा वर्षों तक पढ़ाई और प्रशिक्षण लेते हैं, लेकिन जीवनसाथी के साथ खुशहाल और मजबूत रिश्ता निभाने की तैयारी पर अक्सर ध्यान नहीं दिया जाता। इसी सोच को बदलने के लिए गोवा के एक कॉलेज ने अनूठी पहल की है। यहां युवाओं को शादी और वैवाहिक जीवन की जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से विशेष सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किया गया है।

पणजी स्थित गोवा कॉलेज ऑफ होम साइंस के मानव विकास एवं परिवार अध्ययन विभाग ने ‘मैरिज रेडिनेस : प्रिपेयरिंग फॉर हेल्दी एंड लास्टिंग रिलेशनशिप्स’ नाम से यह कोर्स शुरू किया है। इसका उद्देश्य युवाओं को स्वस्थ, स्थायी और खुशहाल वैवाहिक संबंधों के लिए मानसिक एवं भावनात्मक रूप से तैयार करना है।

15 दिनों का होगा विशेष कोर्स

कॉलेज के प्रिंसिपल महेश पाई के अनुसार, यह कोर्स 2 से 17 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसमें युवाओं को शादी की रस्मों के बजाय वैवाहिक जीवन की वास्तविक जिम्मेदारियों, आपसी समझ, विश्वास और प्रतिबद्धता के बारे में जानकारी दी जाएगी।

रिश्तों को समझने के सिखाए जाएंगे तरीके

कोर्स के दौरान डेटिंग के उद्देश्य, आत्म-जागरूकता, रिश्तों में अपनापन, पुरुषत्व और स्त्रीत्व का प्रभाव तथा शादी के समारोह और वास्तविक वैवाहिक जीवन के बीच अंतर जैसे विषयों पर चर्चा होगी।

इसमें स्नातक और स्नातकोत्तर के विद्यार्थियों के साथ अन्य अविवाहित युवा भी हिस्सा ले सकेंगे।

बढ़ते तलाक के मामलों के बीच पहल

यह पहल गोवा में बढ़ते वैवाहिक विवादों और तलाक के मामलों के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। गोवा के विधि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2022 से 2025 के बीच राज्य की सिविल अदालतों में विवाह और तलाक से जुड़े तीन हजार से अधिक मामले दर्ज हुए। अकेले वर्ष 2024 में 947 मामले सामने आए।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी तलाक के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए प्री-मैरिज काउंसलिंग शुरू करने की बात कह चुके हैं।

इस पहल के माध्यम से युवाओं को यह समझाने का प्रयास किया जा रहा है कि जिस तरह सफल करियर के लिए शिक्षा और प्रशिक्षण जरूरी है, उसी तरह सफल वैवाहिक जीवन के लिए भी भावनात्मक समझ, धैर्य और जिम्मेदारी निभाने की तैयारी आवश्यक है।

Popular Articles