Top 5 This Week

Related Posts

42 साल बाद अंतरिक्ष में भारत के राकेश शर्मा की याद, पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री जीशान अली पहुंचे चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन

बीजिंग। पाकिस्तान ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में बुधवार को इतिहास रच दिया। देश के पहले अंतरिक्ष यात्री मुहम्मद जीशान अली चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पहुंच गए हैं। 40 वर्षीय जीशान अली चीन के शेनझोउ-24 अंतरिक्ष यान से अंतरिक्ष की यात्रा पर रवाना हुए थे। वह चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री भी बन गए हैं।

जीशान अली ने चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च-2एफ रॉकेट के जरिए उड़ान भरी। उनके साथ चीन के दो अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी भी मिशन का हिस्सा हैं। उड़ान के करीब छह घंटे बाद अंतरिक्ष यान सफलतापूर्वक तियांगोंग स्पेस स्टेशन से जुड़ गया। इसके साथ ही पाकिस्तान ने मानव अंतरिक्ष यात्रा के क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू किया है।

सात महीने तक चीन में ली ट्रेनिंग

जीशान अली पाकिस्तान वायुसेना के पूर्व लड़ाकू विमान पायलट हैं। उन्हें एक अन्य पाकिस्तानी उम्मीदवार खुर्रम दाऊद के साथ चीन में अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण के लिए चुना गया था। दोनों ने बीजिंग स्थित चीन के अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण केंद्र में कई महीनों तक प्रशिक्षण लिया। इसमें चीनी भाषा का अध्ययन और अंतरिक्ष में काम करने की तकनीकी तैयारी भी शामिल थी।

अली ने उड़ान से पहले कहा था कि वह केवल अपने लिए अंतरिक्ष में नहीं जा रहे, बल्कि उनके कंधों पर पूरे पाकिस्तान का नाम और करोड़ों लोगों की उम्मीदें हैं।

पांच से दस दिन तक अंतरिक्ष में रहेंगे

जीशान अली तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर पांच से दस दिन तक रहेंगे। इस दौरान वह चीनी अंतरिक्ष यात्रियों के साथ वैज्ञानिक प्रयोगों में हिस्सा लेंगे। पूरे मिशन के दौरान करीब 90 वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी परीक्षण किए जाने की योजना है। इनमें अंतरिक्ष में जैविक और तकनीकी अनुसंधान से जुड़े प्रयोग शामिल हैं।

राकेश शर्मा ने 1984 में रचा था इतिहास

भारत के अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा ने 3 अप्रैल 1984 को सोवियत संघ के सोयूज टी-11 मिशन के जरिए अंतरिक्ष की यात्रा की थी। वह अंतरिक्ष में जाने वाले पहले भारतीय बने थे। अब करीब 42 साल बाद पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री ने यह उपलब्धि हासिल की है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस उपलब्धि पर खुशी जताते हुए इसे देश के युवाओं, वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष कार्यक्रम के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने इस मिशन में सहयोग के लिए चीन का आभार भी व्यक्त किया।

Popular Articles